Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयवेनेजुएला के घटनाक्रम पर भारत चिंतित, विदेश मंत्री जयशंकर ने की सभी...

वेनेजुएला के घटनाक्रम पर भारत चिंतित, विदेश मंत्री जयशंकर ने की सभी पक्षों से बातचीत की अपील

लक्जमबर्ग, 7 जनवरी। वेनेजुएला में अमेरिकी काररवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने पर विदेश मंत्री डॉ, एस. जयशंकर ने भारत का रुख स्पष्ट किया है।  उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रमों को लेकर भारत चिंतित है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से मौजूदा संकट के बीच वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और भलाई को प्राथमिकता देने का भी अनुरोध किया।

लक्जमबर्ग में एक कार्यक्रम के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, ‘हम हालिया घटनाक्रम को लेकर चिंतित हैं। लेकिन हम इसमें शामिल सभी पक्षों से यह आग्रह करेंगे कि वे अब बैठकर ऐसे समाधान पर पहुंचें जो वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के हित में हो, क्योंकि यही हमारी चिंता है। वेनेजुएला के साथ भारत के कई वर्षों से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। हम चाहते हैं कि वेनेजुएला के लोग मौजूदा घटनाक्रम की दिशा चाहे जो भी हो, उससे सुरक्षित और बेहतर स्थिति में बाहर आएं।’

भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है भारतीय दूतावास

इससे पहले, भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में कहा कि काराकास में भारतीय दूतावास, भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बयान में कहा गया, ‘वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय हैं। हम बदलती स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। भारत वेनेजुएला के लोगों की भलाई और सुरक्षा के लिए अपने समर्थन की पुष्टि करता है। हम सभी संबंधित पक्षों से बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों को सुलझाने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।’

वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो न्यूयॉर्क की जेल में हैं

गौरतलब है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी न्यूयॉर्क की जेल में हैं। अमेरिका ने गत तीन जनवरी को वेनेजुएला में काररवाई की थी, जिस दौरान राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया गया। ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ कहे जाने वाले इस अभियान के बाद अमेरिकी सेना न्यूयॉर्क लौटी थी, जहां सोमवार को मादुरो को अदालत में पेश किया गया। फिलहाल विपक्ष की नेता डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर कार्यरत हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments