गोरखपुर में सीएम योगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोले- राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण से ही मिलेगी विजय

गोरखपुर, 17 मई। सहजनवा के ग्रेनविया रिसॉर्ट में रविवार को भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्रवाद और बूथ सशक्तीकरण का मंत्र दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल इसलिए बनी, क्योंकि उसने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति अंतिम’ के सिद्धांत को व्यवहार में उतारा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जिसने राजनीति में राष्ट्रवाद, सुशासन, संस्कृति और समृद्धि को एक साथ जोड़ा है।

बूथ स्तर पर मजबूती पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है। उन्होंने ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की बात कही।

वैचारिक यात्रा का स्मरण

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ से भाजपा तक की वैचारिक यात्रा का उल्लेख किया और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी तथा लाल कृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने धारा 370 का अंत, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक और गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं के माध्यम से अपने संस्थापकों के सपनों को साकार किया है।

शुचिता और राष्ट्रहित का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को अन्य दलों की राजनीति से अलग अपनी अलग पहचान बनाए रखनी चाहिए।कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, स्थानीय विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular