1. Home
  2. हिन्दी
  3. महत्वपूर्ण
  4. कहानियां
  5. मानसून का असर : पूर्वी यूपी, बिहार व झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

मानसून का असर : पूर्वी यूपी, बिहार व झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 जून। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, कोंकण और गोवा के अलावा तटीय तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।

आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक,केरल और माहे तथा तमिलनाडु के घाट क्षेत्रों में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह और तेलंगाना में बादलों की गर्जना के साथ बिजली गिरने तथा तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।

पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और गुजरात में एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने की गतिविधियां हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ़्तार से हवाएं चलने और गर्जना के साथ आंधी आने की आशंका है।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौसम में व्यापक हलचल

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के तटीय भागों तथा इससे सटे बंगाल की खाड़ी के उत्तरी और मध्य भागों के ऊपर मौसम में व्यापक हलचल रहेगी। इन क्षेत्रों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएँ चलने की आशंका है। कुछ समय के लिए हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।

मन्नार की खाड़ी और केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र तथा गुजरात के तटीय भागों के पास भी हवाओं की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। अरब सागर के अधिकतर भागों में हवाओं की गति 45 से 55 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके कारण समुद्र में हलचल अधिक होगी, अतः मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code