उत्तर प्रदेश : IAS एसपी गोयल नए मुख्य सचिव नियुक्त, मनोज कुमार सिंह को नहीं मिला सेवा विस्तार
लखनऊ, 31 जुलाई। वरिष्ठ आईएएस शशि प्रकाश गोयल की गुरुवार को उत्तर प्रदेश के नये मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति कर दी गई। इससे पहले मनोज कुमार सिंह आज ही रिटायर हो गए। उम्मीद की जा रही थी कि उन्हें सेवा विस्तार यानी एक्सटेंशन मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
1989 बैच के IAS हैं एसपी गोयल
बिना चर्चा में आए अपने काम पर यकीन रखने वाले एसपी गोयल 1989 बैच के IAS हैं। उन्होंने मुख्य सचिव की कुर्सी की प्रतिस्पर्धा में वरिष्ठ आईएएस दीपक कुमार और दिवेश कुमार चतुर्वेदी को पराजित किया। गोयल अब जनवरी, 2027 तक उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बने रहेंगे। उनका रिटायरमेंट जनवरी 2027 में होगा। उन्होंने गुरुवार की शाम अपना पदभार भी ग्रहण कर लिया।
एसपी गोयल ने मुख्य सचिव के पद पर ज्वॉइनिंग के बाद कहा कि जिस तरह से निवर्तमान मुख्य सचिव कार्य कर रहे थे, वह उसको आगे बढ़ते हुए प्रदेश को नंबर वन राज्य बनाने की राह पर आगे ले जाएंगे। निवर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें सरकार और सहयोगियों से जबर्दस्त मदद मिली, जिसका फायदा उठाते हुए उन्होंने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया।
मनोज कुमार के सेवा विस्तार को केंद्र की हरी झंडी नहीं मिली
जहां तक मनोज कुमार सिंह का सवाल है तो उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के करीबी अफसरों में गिना जाता था। योगी सरकार उनका कार्यकाल बढ़ाना चाहती थी। इसी क्रम में राज्य सरकार ने करीब 20 दिन पहले उनके सेवा विस्तार के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेजा था, लेकिन वहां से हरी झंडी नहीं मिली।
प्रशासनिक करिअर का शानदार सफर
शशि प्रकाश गोयल का प्रशासनिक करिअर लगभग चार दशक का है, जिसमें उन्होंने अपनी कुशलता और नेतृत्व क्षमता से एक विशिष्ट पहचान बनाई है। गोयल ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य किया। उन्होंने इटावा (1990-1991), मथुरा (1991-1993), और मेरठ (1993) जैसे जिलों में अपनी सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता और निर्णय लेने की त्वरित क्षमता ने उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग बनाया।
वर्ष 2017 में, गोयल को मुख्यमंत्री योगी का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया था। इसके बाद वह अपर मुख्य सचिव के रूप में मुख्यमंत्री कार्यालय (पंचम तल) में तैनात रहे, जहां उन्होंने नागरिक उड्डयन, संपदा, और प्रोटोकॉल जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
संजय प्रसाद बने सीएम कार्यालय के अफसरों के नए मुखिया
इस बीच 1995 बैच के IAS संजय प्रसाद मुख्यमंत्री कार्यालय के अफसरों की टीम के नए मुखिया बन गए हैं। बोलचाल में पंचम तल कहे जाने वाले इस कार्यालय में अब उन्हें एसपी गोयल की जगह मिल गई है। उनके पास प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह और सूचना के अलावा अब नागरिक उड्डयन और राज्य संपत्ति विभाग विभाग का भी प्रभार आ गया है।
