1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. हॉकी विश्व कप : मेजबान भारत ने जापान को 8-0 से रौंदा, 9वें से 12वें स्थान के लिए अब दक्षिण अफ्रीका से टक्कर
हॉकी विश्व कप : मेजबान भारत ने जापान को 8-0 से रौंदा, 9वें से 12वें स्थान के लिए अब दक्षिण अफ्रीका से टक्कर

हॉकी विश्व कप : मेजबान भारत ने जापान को 8-0 से रौंदा, 9वें से 12वें स्थान के लिए अब दक्षिण अफ्रीका से टक्कर

0
Social Share

राउरकेला, 26 जनवरी। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रॉसओवर में पराजय का गम भुलाते हुए मेजबान भारत ने गुरुवार को नौवें से 12 स्थान के निर्धारण के निमित्त खेले गए वर्गीकरण मैच में दमदार प्रदर्शन किया और जापान को 8-0 से धोकर रख दिया।

आधे समय तक गोल रहित, उसके बाद ठोक दिए 8 गोल

बिरसामुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में विश्व नंबर छह भारत को पहले दो क्वार्टर तक को 16वें क्रम के जापान ने जबर्दस्त टक्कर दी और एक भी गोल नहीं होने दिया। लेकिन इसके बाद भारतीयों ने कुल पांच शॉर्ट कॉर्नर भुनाते हुए दोनों क्वार्टर में चार-चार गोल ठोकते हुए बड़ी जीत दर्ज की।

अभिषेक व कप्तान हरमनप्रीत ने किए 2-2 गोल

अभिषेक (35वां व 43वां मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (45वां  58वां मिनट ) ने विजेता टीम के लिए दो-गो गोल किए जबकि मनदीप सिंह (32वां मिनट), विवेक प्रसाद सागर (39वां मिनट), मनप्रीत सिंह (58वां मिनट) और सुखजीत सिंह (59वां मिनट) ने एक-एक गोल किया। भारत अब नौवें से 12वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में 28 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा।

अर्जेंटीना, दक्षिण अफ्रीका और वेल्स ने भी जीते वर्गीकरण मैच

इस बीच नौवें से 16वें स्थान के अन्य वर्गीकरण मैचों में अर्जेंटीना ने प्रथम प्रवेशी चिली को जहां 8-0 से रौंदा वहीं दक्षिण अफ्रीका ने मलेशिया को 6-3 से शिकस्त दी जबकि प्रथम प्रवेशी वेल्स ने निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी के बाद फ्रांस को शूटआउट में 2-1 से मात दी।

अर्जेंटीना अब अब नौवें से 12वें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में 28 जनवरी को वेल्स से खेलेगा जबकि 13वें से 16वें स्थान के वर्गीकरण मैचों में उसी दिन चिली की फ्रांस और मलेशिया की जापान से टक्कर होगी।

पहले क्वार्टर में भारत ने गंवाए 2 शॉर्ट कॉर्नर

भारत बनाम जापान मुकाबले की बात करें तो जापान ने मजबूत शुरुआत की। 11वें मिनट में भारत को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले भी, लेकिन जापानी रक्षा पंक्ति ने गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। राज कुमार पाल ने दो मिनट बाद जापान के गोल पर निशाना लगाया, लेकिन गोलकीपर तकाशी योशीकावा को वह पार नहीं कर सके।

दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही जापान ने लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, हालांकि कृष्णा पाठक ने उसे स्कोर करने का मौका नहीं दिया। वहीं भारत ने भी एक पेनाल्टी कॉर्नर बेकार किया। इस क्वार्टर के शुरुआती पांच मिनटों में जापान की फॉरवर्ड पंक्ति ने भारत को परेशान किया, लेकिन इसके बाद हरमनप्रीत ने गेंद को ज्यादातर अपने कब्जे में रखना शुरू कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में मेजबानों ने किए 4 गोल

भारत को इसका लाभ तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही मिला, जब मनदीप ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके मेजबान टीम का खाता खोल दिया। अभिषेक ने तीन मिनट बाद ही फील्ड गोल कर मेजबानों बढ़त दोगुनी कर दी। दो गोल की आरामदायक बढ़त लेने के बाद भारत ने बुलंद हौसले के साथ जापान के खिलाफ जोरदार प्रहार किये और उसकी रक्षा पंक्ति तहस नहस कर दी। विवेक ने 39वें मिनट में हरमनप्रीत की सहायता से पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किया जबकि अभिषेक ने तीसरा क्वार्टर खत्म होने से पहले फील्ड गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी।

भारत ने 27वीं बार जापान को शिकस्त दी

आखिरी क्वार्टर के शुरू होते ही हरमनप्रीत ने भी जापानी नेट में गेंद को पहुंचाते हुए मैच का अपना पहला गोल किया। जब मुकाबला खत्म होने में सिर्फ तीन मिनट बचे थे, तब मनप्रीत, हरमनप्रीत और सुखजीत ने एक-एक गोल दागकर भारत की जीत के अंतर को विशाल बना दिया। भारत की जापान पर यह 27वीं जीत थी। दोनों के बीच अब तक हुए 33 मुकाबलों में जापान के खाते में तीन जीत है जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं।

शुक्रवार के सेमीफाइनल : दुनिया की चोटी की चार टीमें – ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, नीदरलैंड और बेल्जियम भुवनेश्वर में सेमीफाइनल खेलेंगी। तीन बार के पूर्व चैंपियन व मौजूदा विश्व नंबर एक ऑस्ट्रेलिया का दो बार के पूर्व विजेता व चौथे नंबर की टीम जर्मनी से सामना होगा जबकि मौजूदा चैंपियन व विश्व नंबर दो बेल्जियम का मुकाबला पिछले दो बार के उपविजेता व विश्व नंबर तीन नीदरलैंड्स से होगा। हालांकि नीदरलैंड्स भी तीन बार का पूर्व विश्व विजेता है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code