यूपी : मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक व बोलेरो की टक्कर में 11 लोगों की मौत
मिर्जापुर, 22 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से बोलेरो, कार और एक कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक की टक्कर लगते ही बोलेरो में भीषण आग लग गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और गाड़ी में सवार छह लोगों की जिंदा जल कर मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने हादसे में 11 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक की अनियंत्रित गति और संभवत: चालक की लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण बनी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक समेत कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। लेकिन बोलेरो में सवार लोगों में किसी की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों के परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी देर रात तक घटनास्थल पर तैनात थे और प्रभावित रास्ते पर यातायात बहाल करने के लिए प्रयासरत थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रक चालक ने गाड़ी चलाते समय नियंत्रण क्यों खो दिया।
