1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ : दुर्ग में भीषण हादसा, खदान में बस गिरने से 12 की मौत, 15 अन्य घायल
छत्तीसगढ़ : दुर्ग में भीषण हादसा, खदान में बस गिरने से 12 की मौत, 15 अन्य घायल

छत्तीसगढ़ : दुर्ग में भीषण हादसा, खदान में बस गिरने से 12 की मौत, 15 अन्य घायल

0
Social Share

दुर्ग, 9 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार की रात भीषण हादसा हुआ, जब रायपुर-दुर्ग रोड पर केडिया डिस्टिलरीज की एक बस मुरम मिट्टी की खदान के गहरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए।

कम्पनी की ओर से मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये की मदद की घोषणा

दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। 15 घायलों में 10 की हालत गंभीर है। कलेक्टर ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच कराने के आदेश दिए हैं। वहीं केडिया डिस्टिलरीज के प्रबंधन ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने बताया कि दुर्घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई, जब एक केडिया डिस्टलरी कम्पनी के कर्मचारी काम के बाद घर लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 40 लोगों से भरी बस सड़क से फिसलकर 40 फीट गहरी मुरम खदान में गिर गई। मुरम एक प्रकार की मिट्टी है, जिसका उपयोग निर्माण के लिए किया जाता है। एसपी के अनुसार सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। घायल लोगों का रायपुर और भिलाई के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने जताया शोक

इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, ‘दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कम्पनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा,  ‘मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’

पीएम मोदी ने भी व्यक्त की संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर शोक जताते हुए कहा, ‘छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code