भिवाड़ी में भीषण हादसा : केमिकल-पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, जिंदा जले 8 मजदूर, इधर-उधर बिखरे पड़े थे कंकाल
भिवाड़ी, 16 फरवरी। राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी (खुशुखेड़ा) में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक केमिकल और पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल बन गए, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने पॉलीथीन में इकट्ठा किया। मंत्री संजय शर्मा विधानसभा से सीधे मौके के लिए रवाना हो गए। हादसा खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित राजेंद्र नामक व्यक्ति की फैक्ट्री में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। घटना के समय फैक्ट्री के भीतर लगभग 25 मजदूर काम कर रहे थे। पुलिस गश्त के दौरान जब धुआं और आग की लपटें देखी गईं, तब मामले का पता चला और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।
पॉलीथीन में बटोरने पड़े बॉडी पार्ट्स
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम को फैक्ट्री के भीतर रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्य मिले। आग की तीव्रता के कारण मजदूरों के शरीर के अंग बिखर गए थे और कई शव केवल हड्डियों के ढांचे (कंकाल) में तब्दील हो चुके थे। प्रशासन ने इन अवशेषों को पॉलीथीन की थैलियों में भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस फैक्ट्री में केमिकल के साथ-साथ पटाखों का निर्माण भी किया जा रहा था, जिससे आग ने विस्फोटक रूप ले लिया।
दमकल की मशक्कत
खुशखेड़ा और भिवाड़ी रीको फायर स्टेशन से आई दर्जनों गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए भिवाड़ी एडीएम सुमित्रा मिश्रा, एएसपी अतुल साहू, और खैरथल एडीएम शिवपाल जाट सहित प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एफएसएल (FSL) की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है ताकि आग लगने के सही कारणों और फैक्ट्री के लाइसेंस की जांच की जा सके।
