अंडर-19 एशिया कप : शतकवीर अर्जुन पर भारी पड़े हमजा, पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से दी शिकस्त

अल अमीरात (ओमान), आठ नवम्बर। अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को हुए शतकीय द्वंद्व में अर्जुन राजपूत (107 रन, 85 गेंद, पांच छक्के, 11 चौके) पर हमजा जहूर (नाबाद 100 रन, 108 गेंद, तीन छक्के, 10 चौके) भारी पड़े और पाकिस्तान ने ACC अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में 11 गेंदों के शेष रहते भारत को तीन विकेट से परास्त कर दिया।

अर्जुन के शतक से 208 रनों तक पहुंचा था भारत

सिक्के की उछाल जीतने वाले भारत ने लड़खड़ाई शुरुआत के बाद राजपूत के दमदार शतकीय प्रहार की मदद से 46.4 ओवरों में 208 रन बनाए थे। जवाब में 61 रनों पर आधी टीम लौटने के बाद पाकिस्तान को सातवें क्रम पर उतरे हमजा जहूर का सहारा मिला, जिन्होंने हसनैन डार (38 रन, 67 गेंद, दो चौके) के साथ अहम शतकीय साझेदारी कर पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित की, जिसने 48.1 ओवरों में सात विकेट पर 209 रन बना लिए।

पाकिस्तान लगातार दूसरी जीत से ग्रुप ए में शीर्ष पर

पाकिस्तान लगातार दूसरी जीत के साथ ही चार अंक लेकर चार टीमों के ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया। वहीं अपने पहले मैच में नेपाल को हराने वाला भारत दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। अपने पहले मैच में पाकिस्तान से पराजित संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के भी दो मैचों से दो अंक हैं, लेकिन वह कमजोर रन औसत के चलते तीसरे स्थान पर है।

जहूर का नाबाद शतक, हसनैन संग 107 रनों की साझेदारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरा पाकिस्तान एक समय परेशानी में पड़ गया था, जब वामहस्त स्पिनर मनाल चौहान (3-32) एवं उनके साथी गेंदबाजों के सामने 15वें ओवर तक 61 रनों पर ही पांच बल्लेबाज लौट गए थे। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जहूर व हसनैन ने न सिर्फ बिखराव रोका वरन छठे विकेट के लिए 107 रनों की अहम साझेदारी से टीम की गाड़ी पटरी पर लौटा दी।

हमजा ने विजयी चौके के साथ पूरा किया शतक

मनाल ने 38वें ओवर में 168 के स्कोर पर डार को लौटाने के साथ अहम भागीदारी तोड़ी तो पाकिस्तान को जीत के लिए 41 रन और बनाने थे। लेकिन हमजा एक छोर पर डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उन्होंने काव्य प्रसाद पटेल की गेंद पर कवर ड्राइव से चौका लगाकर जीत का रन बनाया। इसी शॉट के साथ उनका शतक भी पूरा हुआ। मनाल के अलावा मोहित उल्वा ने 45 पर दो विकेट लिए तो ईशान सूद व काव्य पटेल को एक-एक सफलता मिली।

42 रनों के भीतर भारत के 4 बल्लेबाज लौट चुके थे

इससे पहले भारत की शुरुआत बेहद खराब रही, जब मीडियम पेसर अली रजा (3-37), रिजवानुल्लाह (3-24) व वामहस्त स्पिनर निकब शफीक (3-42) के सामने 42 रनों तक चार विकेट निकल गए। इनमें कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (शून्य), आर्यवीर सहवाग (22 रन, 40 गेंद, एक छक्का, एक चौका), वीके विनीत (आठ रन) और यशवर्धन चौहान (एक रन) ज्यादा देर तक नहीं टिक सके।

अर्जुन ने अन्वय व मनाल संग कीं उपयोगी साझेदारियां

हालांकि मुश्किल समय में अर्जुन ने मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ (10 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। फिर मनाल चौहान (11) के साथ छठे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। इन दोनों साझेदारियों में राजपूत का योगदान अधिक रनों का रहा।

स्कोर कार्ड

राजपूत शतक पूरा करने के बाद 36वें ओवर में 170 के स्कोर पर रिजवानुल्लाह के तीसरे शिकार हुए। उनके बाद यशवीर गौड़ (चार रन) व मोहित उल्वा (सात रन) भी जल्द निकल गए। अंत में टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर काव्य प्रसाद पटेल (23 रन, 45 गेंद, एक चौका) ने ईशान सूद (नाबाद दो रन) संग मिलकर टीम को दो सौ रनों के पार पहुंचाया।

भारत की 10 नवम्बर को यूएई से मुलकात होगी

भारत की अब मंगलवार, 10 नवम्बर को यूएई से मुलाकात होगी, जबकि पाकिस्तान के सामने नेपाल होगा। उसी दिन सेमीफाइनलिस्ट टीमों का फैसला होगा। उधर ग्रुप बी में अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश व मलेशिया की टीमें हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular