1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. महिला एक दिनी सीरीज : मंधाना व हरमनप्रीत के अर्धशतकीय प्रयास बेकार, ऑस्ट्रेलिया की पहले मैच में भारत पर आसान जीत
महिला एक दिनी सीरीज : मंधाना व हरमनप्रीत के अर्धशतकीय प्रयास बेकार, ऑस्ट्रेलिया की पहले मैच में भारत पर आसान जीत

महिला एक दिनी सीरीज : मंधाना व हरमनप्रीत के अर्धशतकीय प्रयास बेकार, ऑस्ट्रेलिया की पहले मैच में भारत पर आसान जीत

0
Social Share

ब्रिस्बेन, 24 फरवरी। एश्ली गार्डनर (3-33) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बेथ मूनी (76 रन, 79 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) और कप्तान एलिसा हीली (50 रन, 70 गेंद, चार चौके) के अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया के लिए कारगर साबित हुए, जिसने मंगलवार को यहां पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को 70 गेंदों के शेष रहते हुए छह विकेट की आसान शिकस्त देने के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली।

स्मृति व कौर के पचासों के बावजूद मेहमान दल 214 रनों पर सीमित

एलन बॉर्डर फील्ड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरे मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के लिए ओपनर स्मृति मंधाना (58 रन, 68 गेंद, सात चौके) व कप्तान हरमनप्रीत कौर (53 रन, 84 गेंद, तीन चौके) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लेकिन मेजबान गेंदबाजों ने उनके प्रयासों पर पानी फेरते हुए मेहमानों को 48.3 ओवरों में 214 रनों पर ही समेट दिया। जवाबी काररवाई में ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और उसने केवल 38.2 ओवरों में चार विकेट पर 217 रन बना लिए।

बेथ मूनी व एलिसा हीली ने ऑस्ट्रेलिया की जीत आसान बनाई

हीली व फोबे लिचफील्ड (32 रन, 32 गेंद, छह चौके) ने ऑस्ट्रेलिया पहले विकेट पर 55 रनों की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया को ठोस  शुरुआत दी। हालांकि 11वें ओवर में इसी स्कोर पर श्री चरणी (2-41) ने लगातार गेंदों पर लिचफील्ड सहित दो विकेट निकाल दिए। फिलहाल ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बेथ मूनी ने पहले हीली संग 64 रन जोड़े और फिर एनाबेल सदरलैंड (नाबाद 48 रन, 44 गेंद, एक छक्का, चार चौके) के साथ चौथे विकेट पर 85 रनों की भागीदारी से टीम की बड़ी जीत की राह आसान कर दी।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व भारत ने 12वें ओवर में 52 रनों के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि स्मृति ने एक छोर थामे रखा और हरमनप्रीत संग 48 रनों की भागीदारी से दल को 100 तक पहुंचाया। अर्धशतक पूरा करने के बाद स्मृति लौटीं तो 40 रनों के भीतर ऋचा घोष (23 रन, 38 गेंद, दो चौके) सहित अन्य दो बल्लेबाज लौट गई (6-140)।

हरमनप्रीत व केशवी के बीच अर्धशतकीय भागीदारी

हरमनप्रीत ने आक्रामक केशवी गौतम (43 रन, 44 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ 53 रनों की भागीदारी की, तब जाकर भारत 200 के पार पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑफ स्पिनर गार्डनर के अलावा मेगान शट ने 42 पर दो शिकार किए। चार गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।

होबार्ट में 27 फरवरी को खेला जाएगा दूसरा वनडे

दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे 27 फरवरी को होबार्ट में खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने तीन मैच की टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट मैच भी होगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code