Site icon hindi.revoi.in

Gujarat Rain : वलसाड में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, औरंगा नदी उफान पर, शहर के कई इलाके जलमग्न

Social Share

वलसाड, 23 जुलाई। गुजरात के तटीय जिले वलसाड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मूसलाधार वर्षा के चलते औरंगा नदी उफान पर आ गई है और उसका जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद शहर के कई निचले और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है।

भारी जलभराव के कारण वलसाड शहर के व्यस्त दाना बाजार क्षेत्र में सड़कों पर खड़े कई चार पहिया और दो पहिया वाहन पानी में डूब गए। कई दुकानों और मकानों में भी पानी घुसने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

स्थानीय निकाय और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने के साथ-साथ फंसे लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने वलसाड और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version