सरकार ने सर्वदलीय बैठक में विपक्ष को दिया आश्वासन : देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी नहीं, और जहाज रास्ते में
नई दिल्ली, 25 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच केंद्र सरकार ने बुधवार की शाम संसद परिसर में सर्वदलीय बैठक आहूत की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार ने विपक्षी नेताओं को बताया कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित है। ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच बढ़ती जंग की वजह से तेल-गैस की सप्लाई बाधित होने की चिंता थी।
यदि जंग और बढ़ी तो भी भारत तैयार
सरकार ने सभी नेताओं को भरोसा दिलाया कि अभी पेट्रोल, डीजल और LPG (रसोई गैस) की कोई कमी नहीं है। देश में पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। साथ ही और भी कई जहाज ईंधन लेकर भारत की ओर आ रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य में, जहां से दुनिया का बहुत सारा तेल गुजरता है, कोई बड़ी समस्या अभी नहीं है। यदि जंग और बढ़ी तो भी भारत तैयार है।
विपक्षी दलों ने कहा – सिर्फ बैठक में ब्रीफिंग देने से काम नहीं चलेगा
विपक्षी दलों ने कहा कि सिर्फ बैठक में ब्रीफिंग देने से काम नहीं चलेगा। वे चाहते हैं कि इस मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में पूरी बहस हो। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के प्रारूप पर आपत्ति जताई और कहा कि संसद में खुली चर्चा होनी चाहिए। राहुल गांधी बैठक में नहीं आए। उन्होंने दिन में ही जानकारी दी थी कि वह केरल के एक कार्यक्रम में व्यस्त होने की जानकारी दे दी थी। तृणमूल कांग्रेस (TMC) भी बैठक में नहीं आई।
कई विपक्षी नेताओं ने पूछा कि अगर जंग और बढ़ गई तो भारत कितना तैयार है? घरों में गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली पर कितना असर पड़ेगा? पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि भारत की लगभग 60% रसोई गैस (LPG) तो देश में ही बनती है। बाकी का इंतजाम आयात और प्लानिंग से कर लिया गया है।
जयशंकर बोले – पाकिस्तान की तरह दलाली का काम नहीं करेगा भारत
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तान के बीच-बचाव (मध्यस्थता) वाले सवाल पर कहा कि पाकिस्तान 1981 से इस इलाके में मध्यस्थता करता आ रहा है, इसलिए इसमें नया कुछ नहीं है। सूत्रों के अनुसार सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान को ‘दलाल देश’ कहकर उसकी आलोचना की। बैठक में मौजूद एक सदस्य ने बताया कि मंत्री ने कहा, ‘भारत, पाकिस्तान की तरह दलाली का काम नहीं करेगा।’
पीएम मोदी के इजराइल दौरे को लेकर भी सवाल
विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के हाल के इजराइल दौरे पर भी सवाल उठाए। कुछ नेताओं ने यह भी कहा कि पीएम कोविड काल का जिक्र करके अनावश्यक घबराहट न फैलाएं।
