एक दिनी सीरीज : जॉर्जिया वोल का शतक, भारत पर आसान जीत से ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं को 2-0 की अजेय बढ़त
होबार्ट, 27 फरवरी। जॉर्जिया वोल के ठोस शतकीय प्रहार (101 रन, 82 गेंद, एक छक्का, 13 चौके) और उनकी दो बहुमूल्य भागीदारियों के सहारे ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को यहां दूसरे महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 83 गेंदों के शेष रहते हुए भारत पर पांच विकेट की आसान जीत से तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
Australia win by 5 wickets in Hobart.
They take an unassailable lead of 2-0 in the #AUSvIND ODI series.
Scorecard▶️ https://t.co/2h7AVOuGrA#TeamIndia pic.twitter.com/xcv1HiaGCz
— BCCI Women (@BCCIWomen) February 27, 2026
भारत के खिलाफ लगातार 12वीं एक दिनी सीरीज जीती
ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने भारत के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज में अपना शानदार रिकॉर्ड जारी रखा। इस क्रम में उन्होंने अब तक भारत के खिलाफ सभी 12 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती हैं।
प्रतिका व हरमनप्रीत के पचासों से 251 तक पहुंचा भारत
बेलरीव ओवल में पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने ओपनर प्रतिका रावल (52 रन, 81 गेंद, छह चौके) व कप्तान हरमनप्रीत कौर (54 रन, 70 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की अर्धशतकीय पारियों से नौ विकेट पर 251 रन बनाए। जवाब में भारतीय गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में असफल रहीं और मेजबानों ने 36.1 ओवरों में पांच विकेट पर 252 रन बनाकर आसान जीत दर्ज कर ली।
वोल व लिचफील्ड के बीच दूसरे विकेट पर 119 रनों की भागीदारी
ऑस्ट्रेलियाई पारी में कप्तान एलिसा हीली (छह रन) को तो काशवी गौतम (2-47) ने पांचवें ओवर में 21 के स्कोर पर ही लौटा दिया। लेकिन फीबी लिचफील्ड (80 रन, 62 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जॉर्जिया वोल ने जल्द ही गेंदबाजों पर नियंत्रण कर लिया और 119 रनों की साझेदारी कर दी।
A sensational knock from Georgia Voll powers her to a second ODI century 👏
📝: https://t.co/Sf3Hl7F3LW pic.twitter.com/7bHClOXvIq
— ICC (@ICC) February 27, 2026
बेथ मूनी ने जॉर्जिया संग जोड़े 82 रन
क्रांति गौड़ ने 20वें लिचफील्ड को बोल्ड मारकर साझेदारी तोड़ी तो वोल को बेथ मूनी (31 रन, 34 गेंद, पांच चौके) का साथ मिला। दोनों ने 82 रनों की साझेदारी से मेजबानों को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि 31वें ओवर में 222 के स्कोर पर वोल को लौटाने वालीं काशवी व दीप्ति शर्मा (2-32) ने जोर मारा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। एश्ली गार्डनर (नाबाद 19 रन, 14 गेंद, दो चौके) ने विजयी चौका जड़ा।
प्रतिका व स्मृति के बीच पहले विकेट पर 78 रनों की साझेदारी
इससे पहले रावल ने स्मृति मंधाना (31, 37 गेंद, चार चौके) के साथ पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दी। लेकिन इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरे और 31वें ओवर में 130 पर पांच बल्लेबाज लौट चुकी थीं।
इसके बाद ऋचा घोष (22 रन, 19 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने कुछ देर हरमनप्रीत का साथ निभाया तो काशवी (25 रन, 34 गेंद, दो चौके) व हरमनप्रीत के बीच सातवें विकेट के लिए 55 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी से भारत 250 रनों के पार पहुंचने में सफल रहा। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ली गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड व अलाना किंग ने दो-दो विकेट लिए।
तीसरा एक दिनी होबार्ट में ही एक मार्च को खेला जाएगा
दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मैच यहीं एक मार्च को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीम के बीच छह मार्च से खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से दौरे का समापन होगा। भारत ने इससे पहले टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी।
