1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा का दावा – ‘भाजपा फिर सत्ता में आएगी और इसे कोई नहीं रोक सकता’
कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा का दावा – ‘भाजपा फिर सत्ता में आएगी और इसे कोई नहीं रोक सकता’

कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा का दावा – ‘भाजपा फिर सत्ता में आएगी और इसे कोई नहीं रोक सकता’

0
Social Share

बेंगलुरु, 4 फरवरी। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए दावा किया है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 130 से 140 सीटें जीतेंगी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के 10-12 अप्रैल से पहले होने की जताई संभावना

बीएस येदियुरप्पा ने शनिवार को यहां भाजपा की विशेष कार्यकारिणी की बैठक में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के 10-12 अप्रैल से पहले होने की संभावना जताई और दावा किया कि राज्य और केंद्र सरकार के कार्यों की बदौलत इस चुनाव में भाजपा अपने बूते कर्नाटक की सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी फिर से सत्ता में आएगी और इसे कोई नहीं रोक सकता। कांग्रेस में ‘मैं हूं सीएम’ घमासान शुरू हो गया है।

येदियुरप्पा ने कहा, ‘केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रभारी होंगे। भाजपा नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और अन्नामलाई को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। धर्मेंद्र प्रधान बहुत वरिष्ठ नेता हैं और यह हमारी पार्टी को चुनाव जीतने में मददगार होगा।’

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

उन्होंने दावा किया कि भाजपा में भ्रम की कोई स्थिति नहीं है और पार्टी एकजुट है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया और विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय का समर्थन हासिल करने को कहा।

पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के वे दिन चले गए, जिसमें सत्ता पाने के लिए धन, बाहुबल और सांप्रदायिक राजनीति का सहारा लिया जाता था। कांग्रेस नेता सिद्धरमैया और डी.के. शिवकुमार के जनता के बीच जाने और स्वयं को अगला मुख्यमंत्री बताने के दावे पर निशाना साधते हुए येदियुरप्पा ने कहा, ‘मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं क्या राहुल गांधी आपके नेता हैं? हमारे (भाजपा के) पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत नेता हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर पर प्रेम किया जाता है और सम्मान दिया जाता है।’

भाजपा के शीर्ष संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा ने कि मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कोई आशंका नहीं है कि भाजपा कर्नाटक सहित आगामी सभी (विधानसभा) चुनावों में जीत दर्ज करेगी।

नेताओं में आपसी मतभेद के चलते कांग्रेस की बस यात्रा पंचर होगी

इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह, कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार भी मौजूद थे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए येदियुरप्पा ने कहा, ‘कांग्रेस की बस यात्रा पंचर होगी क्योंकि नेताओं में मतभेद है और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर ने अपनी नाखुशी जताई है।’

अरुण सिंह ने 150 सीटें जीतने के लक्ष्य को प्राप्त करने पर दिया जोर

अरुण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने राज्य का दौरा किया है, लोगों से मुलाकात की है और सूचनाएं एकत्र की है, जिसके आधार पर उनका आकलन है कि भाजपा कर्नाटक में सरकार बनाएगी ही। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में 150 सीटों पर जीत के लक्ष्य को प्राप्त करने पर जोर देते हुए कहा, ‘हमारे पास मजबूत कैडर आधार है, हमारी सामाजिक सेवाएं और राज्य एवं केंद्र के सेवा कार्यक्रम भी भाजपा के लिए मददगार है, बाकी (दल) ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code