पुणे दुष्कर्म मामले में बोले पूर्व CJI चंद्रचूड़ – ‘सिर्फ कानून बनाने से कुछ नहीं होगा…’
पुणे, 27 फरवरी। देश के पूर्व प्रधान न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने भी पुणे में स्वारगेट बस डिपो में एक महिला से हुए दुष्कर्म के आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा है कि देश में निर्भया कांड के बाद कई बदलाव किए गए, लेकिन सिर्फ कानून बना देने से स्थितियों में सुधार नहीं होगा।
2012 के निर्भया कांड से की इस मामले की तुलना
पूर्व सीजेआई चंद्रचूड़ ने इस मामले की तुलना 2012 में दिल्ली के निर्भया कांड से की और चिंता जताते हुए कहा, ‘निर्भया कांड के बाद कानून में कई बदलाव आए, लेकिन केवल कानून बना देने से अपराध नहीं रूक सकते। इन अपराधों को रोकने के लिए समाज की भी बड़ी जिम्मेदारी है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने कानूनों को सख्ती से लागू करना चाहिए ताकि महिलाएं हर जगह खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।’ उन्होंने पुलिस और न्याय प्रणाली को इन मामलों में प्रभावी भूमिका निभाने की सलाह भी दी।
पुलिस की 13 टीमें चिह्नित आरोपित की तलाश में जुटी हैं
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में ताजा दुष्कर्म कांड के बाद आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया है। आरोपित के खिलाफ सख्त काररवाई की मांग उठ रही है। चूंकि यह शर्मनाक सार्वजनिक स्थल (बस डिपो) पर हुआ, लिहाजा प्रशासन पर भी सवाल उठाए जा रहे है। हालांकि आरोपित की सीसीटीवी की मदद से पहचान कर ली गई है और पुलिस की 13 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
आरोपित पर एक लाख रुपये का ईनाम भी घोषित
हालांकि पुलिस प्रशासन और सरकार पर इस मामले में न्याय दिलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। लेकिन अब तक आरोपित का कोई पता नहीं चल पाया है। पुणे पुलिस ने मदद के लिए जनता से आरोपित को पकड़वाने में एक लाख रुपये का ईनाम भी घोषित कर रखा है। पुलिस ने वांछित आरोपित का एक पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें लोगों से जानकारी के साथ आगे आने का आग्रह किया गया है। पोस्टर में उल्लेख किया गया है कि आरोपित के खिलाफ धारा 64, 351 (2) 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि यह घटना बीते मंगलवार (25 फरवरी) को हुई, जब बलात्कार पीड़िता एक कामकाजी महिला फलटन में अपने घर लौटने के लिए बस का इंतज़ार कर रही थी, जो लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है। आरोपित ने कथित तौर पर उसके पास आकर झूठा दावा किया कि उसके गंतव्य तक जाने वाली बस कहीं और खड़ी है। वह उसे डिपो में खड़ी MSRTC शिवसाही बस में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया।
