Fatehpur Gas Cylinder Blast: फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से दो मंजिला मकान ढहा, चार सगे भाइयों समेत 5 की मौ

फतेहपुर, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मलवां थाना क्षेत्र के मलवां कस्बे में हुए इस हादसे में चार सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की उम्र 6 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है।

धमाके से दहला पूरा इलाका

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम करीब 5:30 बजे फल कारोबारी सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता के मकान में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ और इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 500 मीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद मकान की दोनों मंजिलें ढह गईं। आसपास के कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, आसपास के मकानों में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मलबे में दबे सात लोगों को निकाला गया

घटना की सूचना पीआरवी के जरिए पुलिस को करीब 5:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल तक पहुंचने वाली गली संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां नहीं पहुंच सकी। इसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड के करीब 16 कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान मलबे से सात लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कुणाल, आलोक, अर्पित, वेद और यश के रूप में हुई है। इनमें चार सगे भाई बताए जा रहे हैं।

दो सिलेंडर फटने की भी सामने आई जानकारी

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ में गैस सिलेंडर फटने की बात सामने आई है। मौके से चार गैस सिलेंडर मिले हैं, जिनमें दो के फटने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विस्फोट का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। घटना की जांच के लिए फोरेंसिक और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंची हैं। दोनों टीमें विस्फोट के कारणों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।

एसडीआरएफ को भी बुलाया गया

पुलिस के अनुसार, धमाके की वजह से मुख्य मकान की दोनों मंजिलें पूरी तरह ढह गईं। आसपास के कुछ मकानों की बीम को भी नुकसान पहुंचा है। राहत एवं बचाव कार्य में मदद के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। हादसे के बाद मकान मालिक सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की तबीयत भी सदमे के कारण बिगड़ गई। उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular