1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC टी20 विश्व कप : इंग्लैंड ने रोमांचक जीत से न्यूजीलैंड का इंतजार बढ़ाया, पाकिस्तान की उम्मीदें भी जीवंत
ICC टी20 विश्व कप : इंग्लैंड ने रोमांचक जीत से न्यूजीलैंड का इंतजार बढ़ाया, पाकिस्तान की उम्मीदें भी जीवंत

ICC टी20 विश्व कप : इंग्लैंड ने रोमांचक जीत से न्यूजीलैंड का इंतजार बढ़ाया, पाकिस्तान की उम्मीदें भी जीवंत

0
Social Share

कोलंबो, 27 फरवरी। विल जैक्स व रेहान अहमद के हरफनमौला प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए निर्णायक साबित हुए, जिसने शुक्रवार को यहां ICC टी20 विश्व कप के सुपर 8 ग्रुप दो मुकाबले में हार की कगार से वापसी करते हुए तीन गेंदों के शेष रहते चार विकेट की रोमांचक जीत हासिल की और ग्रुप से दूसरे सेमीफाइनलिस्ट टीम की रेस में न सिर्फ न्यूजीलैंड का इंतजार बढ़ा दिया वरन पाकिस्तान की उम्मीदें भी जीवंत हो उठीं।

विल जैक्स व रेहान अहमद का हरफनमौला प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए निर्णायक

दरअसल, जैक्स ने चार ओवरों में 23 रन देकर दो विकेट और रेहान ने तीन ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट लेते हुए पहले न्यूजीलैंड को सात विकेट पर 159 रनों तक रोकने में अहम भूमिका निभाई। उसके बाद जब इंग्लैंड लक्ष्य का पीछा करने उतरा तो इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 16 गेंदों विद्युतीय 44 रनों की अटूट साझेदारी से टीम को जीत दिला दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जैक्स ने 18 गेंदों पर नाबाद 32 रनों (एक छक्का, चार चौके) की ताबड़तोड़ पारी खेली जबकि रेहान ने सात गेंदों पर ही नाबाद 19 रन (दो छक्के, एक चौका) ठोक दिए।

सुपर 8 में अजेय इंग्लैंड ग्रुप दो में शीर्षस्थ

सेमीफाइनल में पहले ही प्रवेश सुनिश्चित कर चुके इंग्लैंड ने सुपर 8 ग्रुप दो में लगातार तीसरी जीत से अधिकतम छह अंक लेकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं न्यूजीलैंड सभी तीनों मैच खेलकर दो जीत से चार अंक लेकर फिलहाल दूसरे स्थान पर है। वहीं पाकिस्तान (दो मैचों में एक अंक) की सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदें जीवित हैं। लेकिन उसे शनिवार को अपने अंतिम मैच में श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, तभी वह नेट रन रेट में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ पाएगा।

सेमीफाइनल की होड़ में न्यूजीलैंड को इसी शर्त पर पछाड़ सकेगा पाकिस्तान

पाकिस्तान व स्पर्धा से बाहर हो चुके सह मेजबान श्रीलंका के बीच सुपर 8 ग्रुप दो के अंतिम मैच से पहले जो तस्वीर उभरी है, उसपर गौर करें तो इंग्लैंड भले ही अंतिम चार में जा पहुंचा है, लेकिन नेट रन रेट के मामले में न्यूजीलैंड (1.390) सभी चार टीमों में सबसे आगे है। वहीं पाकिस्तान का NRR -0.461 है। यानी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए पर्याप्त NRR हासिल करने के लिए श्रीलंका पर कम से कम 64 रनों से जीत हासिल करनी होगी और 13.1 ओवरों में लक्ष्य हासिल करना होगा।

नाजुक वक्त पर जैक्स व रेहान की पासा पलट बल्लेबाजी

खैर, मैच की बात करें तो लक्ष्य का पीछा करते समय इंग्लैंड टीम 17 ओवरों में छह विकेट पर 117 रन बनाकर संकट में फंसी हुई थी और उसे आखिरी 18 गेंदों पर 43 रनों की दरकार थी। फिलहाल टूर्नामेंट में चौथी बार मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए जैक्स और रेहान ने 18वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स पर 22 रन बटोरकर मैच का रुख पलट दिया और समीकरण 12 गेंदों पर 21 रन पर ला दिया। इस जोड़ी ने कप्तान मिचेल सैंटनर के ओवर से 16 रन जुटाकर इंग्लैंड को निर्णायक बढ़त दिला दी और इंग्लैंड ने तीन गेंदों के शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

अच्छी शुरुआत के बाद कीवी टीम बड़ा स्कोर बनाने में विफल

इससे पहले जैक्स और रेहान के साथ आदिल रशीद (2-28) की स्पिन तिकड़ी ने अच्छी शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया। ग्लेन फिलिप्स (39 रन, 28 गेंद, एक छक्का, चार चौके), टिम साइफर्ट (35 रन, 25 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व फिन एलेन (29 रन, 19 गेंद, तीन छक्के) ही कुछ दम दिखा सके। इनमें साइफर्ट व एलेन की सलामी जोड़ी ने 42 गेंदो पर 64 रनों की साझेदारी की। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरे।

जोस बटलर ने शून्य पर आउट होने का इंग्लिश रिकॉर्ड बनाया

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही, जब मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने शुरुआती दो ओवरों में दोनों ओपनरों को लौटा दिया। इनमें अनुभवी जोस बटलर तो 10वीं बार टी20 अंतरराष्ट्रीय में खाता खोले बिना आउट हुए। वह इस प्रारूप में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले इंग्लैंड के खिलाड़ी बन गए।

स्कोर कार्ड

इसके बाद टॉम बैंटन (33 रन, 24 गेंद, एक छक्का, तीन चौके), कप्तान हैरी ब्रूक (26 रन, 24 गेंद, एक छक्का, तीन चौके), सैम करेन (24 रन, 22 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व जैकब बेथल (21 रन, 16 गेंद, चार चौके) के प्रयासों से स्थिति तनिक संभली। इसके बावजूद टीम 17वें ओवर में 117 पर छह विकेट गंवाकर संकट में पड़ चुकी थी। इस दौरान रचिन रवींद्र (3-19) ने तीन झटके दे दिए थे। फिलहाल जैक्स व रेहान ने नाजुक वक्त पर संकट मोचक की भूमिका निभाई और इंग्लिश खेमे की बांछें खिला दी।

शनिवार का मैच : पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (सुपर 8 ग्रुप दो, पल्लेकेले, शाम सात बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code