राहुल गांधी से हल्की नोकझोंक के बीच पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल बोले- ‘मेरी सलाह मानते तो आज विपक्ष में नहीं होते’
नई दिल्ली, 11 फरवरी। लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान बुधवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल के बीच हल्की नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल के अतीत में उनकी पार्टी (कांग्रेस) का सदस्य रहने का उल्लेख किया। इस पर पाल ने नेता प्रतिपक्ष से कहा कि आप विपक्ष में बैठे हैं क्योंकि उनकी सलाह नहीं मानी। अब भी समय है। आपको सही रास्ता पकड़ना चाहिए।
दरअसल, राहुल गांधी ने बजट पर अपनी बात रखते हुए पाल के राजनीतिक अतीत का संक्षिप्त का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि आपका दिल उधर (BJP की तरफ) नहीं है।’ इस पर पाल ने कहा, ‘अगर आप मेरी बात मानते तो आज वहां नहीं बैठे होते। आज आप वहां बैठे हैं तो सिर्फ इसलिए कि आपने मेरी सलाह नहीं ली। आपको सलाह दे रहा हूं कि आपको सही रास्ता पकड़ना चाहिए, आपके पास अब भी समय है।’
जगदंबिका पाल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की जगह सदन की अध्यक्षता कर रहे थे। विपक्ष ने ओम बिरला को लोकसभा स्पीकर पद से हटाने के लिए संसद में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। सूत्रों का कहना है कि इस नोटिस का निबटारा होने तक ओम बिरला आसन पर नहीं बैठेंगे। बिरला ने लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया है कि वह विपक्ष की नोटिस की जांच कर उचित काररवाई करें।
