1. Home
  2. कारोबार
  3. घरेलू शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन बढ़त, सेंसेक्स 254 अंक मजबूत, निफ्टी 82 अंक चढ़ा
घरेलू शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन बढ़त, सेंसेक्स 254 अंक मजबूत, निफ्टी 82 अंक चढ़ा

घरेलू शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन बढ़त, सेंसेक्स 254 अंक मजबूत, निफ्टी 82 अंक चढ़ा

0
Social Share

मुंबई, 18 जून। अमेरिका व ईरान के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर के साथ ही कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में जारी नरमी व अनूकूल वैश्विक संकेतों का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा और गुरुवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बढ़त लेकर बंद हुए।

हालांकि उतार-चढ़ाव के बीच पिछले चार दिनों की अपेक्षा बढ़त तनिक कमजोर रही, फिर भी बीएसई सेंसेक्स ने जहां 254 अंकों की मजबूती पकड़ी वहीं एनएसई निफ्टी 82 अंकों की बढ़त दर्ज करने में सफल रहा। कुल मिलाकर देखें तो लगातार पांच कारोबारी सत्रों में आई तेजी के दौरान सेंसेक्स में कुल 3,577.43 अंक और निफ्टी में 1,006.4 अंक की बढ़त दर्ज की गई है।

सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,409.98 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 254.36 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,409.98 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बीच सूचकांक 77,492.33 अंक के उच्चतम और 76,953 के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्टॉक चढ़कर बंद हुए तो 10 में गिरावट रही।

निफ्टी 24,168 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 82.30 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 24,168 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 33 के शेयर लाभ में रहे और 17 में नुकसान देखने को मिला।

इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे 2.73 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के शेयर सबसे ज्यादा 2.73 फीसदी चढ़े। ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और एचडीएफसी बैंक में भी प्रमुख रूप से बढ़त देखने को मिली। लेकिन इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, मारुति और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में गिरावट रही।

एफआईआई ने 101.59 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 101.59 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं पश्चिम एशिया में तनाव थमने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत गिरकर 77.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code