घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 250 अंक टूटा, निफ्टी 80 अंक कमजोर
मुंबई, 30 जून। सूचना प्रौद्योगिकी (IT), पेट्रोलियम एवं गैस तथा चुनिंदा बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही। बीएसई सेंसेक्स जहां 250 अंक 76,500 के नीचे बंद हुआ वहीं एनएसई निफ्टी भी 80 अंकों की कमजोरी से 23,900 के नीचे चला गया। अमेरिका-ईरान के बीच दोहा में होने वाली वार्ता के अगले दौर को लेकर अनिश्चितता से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत टूटकर 76,478.67 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने दिन की शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 249.70 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूटकर 76,478.67 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 398.98 अंक यानी 0.51 प्रतिशत टूटकर 76,329.39 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 19 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 23,865.75 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 80.50 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,865.75 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर मजबूत रहे जबकि 28 में कमजोरी रही।
बेंचमार्क इंडेक्स की तुलना में स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.02 प्रतिशत की तेजी और निफ्टी मिडकैप में 0.37 प्रतिशत की रैली दर्ज की गई।
इन्फोसिस के स्टॉक सर्वाधिक 3.49 फीसदी गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस के स्टॉक सर्वाधिक 3.49 फीसदी गिरे। टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक मंहिंद्रा व आईटीसी में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। इसके विपरीत मारुति सुजुकी, टाइटन कम्पनी, बजाज फाइनेंस, एटरनल व अदाणी पोर्ट्स में प्रमुख रूप से बढ़त दर्ज की गई।
एफआईआई ने 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.32 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
