मुंबई, 27 अक्टूबर। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों के सतर्क रुख का यह असर रहा कि प्रमुख बैंक शेयरों में बिकवाली के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव तो देखा, लेकिन अंत में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां आठ अंकों की कमजोरी लेकर ठहरा वहीं एनएसई निफ्टी चार अंक गिरा।
सेंसेक्स 8.08 अंकों की कमजोरी से 73,598.67 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 8.08 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 73,598.67 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 73,762.98 अंक का ऊपरी और 73,179.41 अंक का निचला स्तर यानी 583.57 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पमियों में 17 के शेयर मजबूत हुए तो 12 में कमजोरी रही।
निफ्टी 3.45 अंक गिरकर 22,749.75 पर रुका
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 3.45 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 22,749.75 अंक पर रुका। सूचकांक ने कारोबार के दौरान 192.90 के दायरे में 22,829.75 अंक का ऊपरी और 22,636.85 अंक का निचला स्तर देखा। निफ्टी सं संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर लाभ में रहे तो 30 में गिरावट दर्ज की गई।
भारतीय स्टेट बैंक में सबसे ज्यादा 1.55 फीसदी गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारतीय स्टेट बैंक का स्टॉक सबसे ज्यादा 1.55 फीसदी गिरा। एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से गिरावट में रहे। वहीं भारती एयरटेल, ट्रेंट, मारुति और पावर ग्रिड के शेयरों में तेजी रही।
एफआईआई ने 1,462.49 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,462.49 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.03 प्रतिशत गिरकर 115.8 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।


