IT शेयरों में बड़ी बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 84000 के नीचे लुढ़का, निफ्टी 147 अंक कमजोर
मुंबई, 12 फरवरी। अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की कमजोर पड़ती उम्मीद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से संभावित व्यवधान की आशंकाओं के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में बाड़ी बिकवाली का यह नतीजा रहा कि घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को धड़ाम से जा गिरा। बीएसई सेंसेक्स 559 अंकों की कमजोरी से 84,000 के नीचे जा फिसला जबकि 24 घंटे पूर्व 26,000 के स्तर के पार जाकर लौटा एनएसई निफ्टी 147 अंकों के नुकसान से 25,800 के तनिक उपर ठहरा।
सेंसेक्स 558.72 अंक टूटकर 83,674.92 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 558.72 अंक यानी 0.66 प्रतिशत टूटकर 83,674.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 716.97 अंक के नुकसान के साथ 83,516.67 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से सबद्ध कम्पनियों में – के शेयर लाभ में रहे और – में कमजोरी देखी गई।
निफ्टी 0.57% की गिरावट से 25,807.20 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 146.65 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,807.20 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में – के शेयर मजबूत रहे और – में गिरावट दर्ज की गई। मझोली कम्पनियों के बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.48 प्रतिशत और छोटी कम्पनियों के स्मॉलकैप सूचकांक में 0.28 प्रतिशत की गिरावट रही।
निवेशकों को 2.69 लाख करोड़ रुपये का नुकसान
आईटी शेयरों में जबर्दस्त गिरावट के बीच बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर 472.30 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 474.99 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 2.69 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.69 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
आईटी शेयरों में लगभग 6 फीसदी की गिरावट
सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों पर रहा। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) लगभग छह प्रतिशत तक टूटकर सेंसेक्स के प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे।
इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और अदाणी पोर्ट्स भी नुकसान में रहे। दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और टाटा स्टील के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
एफआईआई की खरीदारी जारी, डीआईआई ने की बिकवाली
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 943.81 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) 125.36 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.27 प्रतिशत टूटकर 69.21 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
