1. Home
  2. हिंदी
  3. बॉलीवुड
  4. ‘धक धक गर्ल’ 55 की हुईं, माधुरी दीक्षित के इन सदाबहार रोल को भूल पाना है मुश्किल
‘धक धक गर्ल’ 55 की हुईं, माधुरी दीक्षित के इन सदाबहार रोल को भूल पाना है मुश्किल

‘धक धक गर्ल’ 55 की हुईं, माधुरी दीक्षित के इन सदाबहार रोल को भूल पाना है मुश्किल

0
Social Share

मुंबई, 15 मई। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित आज 55 वर्ष की हो गईं। माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई, 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राह्मण परिवार में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से हासिल की। इसके बाद उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में माइक्राबॉयलोजिस्ट बनने के लिए दाखिला ले लिया। इस बीच उन्होंने लगभग आठ वर्ष तक कथक नृत्य की शिक्षा भी हासिल की।

फिल्म अबोध से की थी सिने करिअर का शुरुआत

माधुरी ने अपने सिने करिअर की शुरूआत 1984 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ‘अबोध’ से की, लेकिन कमजोर पटकथा और निर्देशन के कारण फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गई।

1988 में ‘तेजाब’ से चमका किस्मत का सितारा 

फिलहाल माधुरी की किस्मत का सितारा वर्ष 1988 में प्रदर्शित फिल्म ‘तेजाब’ से चमका। फिल्म में माधुरी दीक्षित ने अनिल कपूर की प्रेयसी की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनपर फिल्माया यह गीत ‘एक दो तीन….’ उन दिनो श्रोताओं के दिलो दिमाग पर छा गया था। फिल्म की सफलता के बाद माधुरी दीक्षित फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सही पहचान पाने में कुछ हद तक कामयाब हो गई।

‘दिल’ की कामयाबी पर मिला पहला फिल्म फेयर पुरस्कार 

वर्ष 1990 में माधुरी के सिने करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म ‘दिल’ प्रदर्शित हुई। फिल्म में माधुरी दीक्षित और आमिर खान की जोड़ी को सिने दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई। साथ ही फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए माधुरी दीक्षित को अपने सिने करियर का पहला फिल्म फेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ।

माधुरी दीक्षित के सिने करियर का अहम वर्ष 1991 साबित हुआ। इस वर्ष उनके अभिनय के नये रंग दर्शकों को देखने को मिले। इस दौरान उनकी 100 डेज, साजन, प्रहार, जैसी फिल्में प्रदर्शित हुईं। इन फिल्मों की सफलता के बाद वह शोहरत की बुंलदियों पर जा पहुंचीं।

‘हम आपके हैं कौन’ आल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई

वर्ष 1992 में माधुरी दीक्षित की एक और अहम फिल्म फिल्म बेटा प्रदर्शित हुई। वर्ष 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ माधुरी दीक्षित की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ काफी पसंद की गयी। इस फिल्म में उनपर फिल्माया गीत ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ उन दिनों श्रोताओं के बीच क्रेज बन गया था। फिल्म ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए और आल टाइम ग्रेटेस्ट हिट्स में शुमार हो गई।

माधुरी दीक्षित को वर्ष 2002 में शरत चंद्र के मशहूर उपन्यास देवदास पर बनी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। संजय लीला भंसाली की इसी नाम से बनी फिल्म में चन्द्रमुखी के अपने किरदार से माधुरी ने दर्शकों का दिल जीत लिया और अपने दमदार अभिनय के लिए वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की गईं। माधुरी दीक्षित के सिने करिअर में उनकी जोड़ी अभिनेता अनिल कपूर साथ काफी पसंद की गई। उन्हें पांच बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

2008 में ‘पदभूषण’ से अलंकृत किया गया

इसके अलावा भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए 2008 में उन्हें ‘पदभूषण’ से अलंकृत किया गया। वर्ष 2002 में प्रदर्शित फिल्म ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ के बाद माधुरी दीक्षित ने फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया और वैवाहिक जीवन व्यतीत करने लगीं।

वर्ष 2007 में फिल्म ‘आजा नच ले’ के जरिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सिने करियर की दूसरी पारी शुरू की, लेकिन इस फिल्म की सफलता के बाद उन्होंने एक बार फिर से फिल्म इंडस्ट्री से किनारा कर लिया।

माधुरी दीक्षित ने वर्ष 2013 में प्रदर्शित फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ से इंडस्ट्री में कमबैक किया। इसके बाद उन्होंने डेढ़ इश्किया, गुलाब गैंग, मराठी फिल्म बकेट लिस्ट, कलंक और टोटल धमाल में काम किया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code