
दिल्ली : आज शाम होगा नए सीएम का एलान, रविशंकर प्रसाद व ओपी धनखड़ पर्यवेक्षक नियुक्त
नई दिल्ली, 19 फरवरी। विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के 11 दिन बाद आज शाम अंतत: दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। 27 वर्षों के अंतराल बाद दिल्ली की सत्ता संभालने को तैयार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
दिल्ली भाजपा विधायक दल के नेता का चयन करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
भाजपा संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु श्री @rsprasad, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा श्री @OPDhankar, राष्ट्रीय सचिव, भाजपा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। pic.twitter.com/K6qBQosgjP
— BJP (@BJP4India) February 19, 2025
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए आज शाम पार्टी सात बजे भाजपा दिल्ली इकाई के कार्यालय में विधायक दल की बैठक आहूत की गई है। बैठक भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों – रविशंकर प्रसाद और धनखड़ की उपस्थिति में होगी। पार्टी विधायकों द्वारा नेता चुने जाने के बाद भावी मुख्यमंत्री सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजनिवास में दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात करेंगे।
रामलीला मैदान में गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह
इस बीच, प्रतिष्ठित रामलीला मैदान में नई सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा। उप राज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12.35 बजे मनोनीत सीएम और कैबिनेट को शपथ दिलाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री-उप मुख्यमंत्री इस समारोह के गवाह बनेंगे। कुछ विशिष्ट मेहमानों सहित लगभग 50,000 लोगों के इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।
सीएम पद के लिए प्रवेश वर्मा सहित कई नामों की चर्चा हो रही
नए मुख्यमंत्री के लिए जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें प्रवेश वर्मा प्रमुख हैं। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पराजित किया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय जैसे अन्य नेता भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शुमार बताए जा रहे हैं।
पार्टी के कुछ नेता मानते हैं कि राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में जिस तरह से भाजपा ने मुख्यमंत्री चुनकर सभी को चौंकाया था, दिल्ली में भी वह इसी रणनीति पर आगे बढ़ सकती है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की सार्वजनिक चर्चा हो रही है, उनके अलावा कुछ ऐसे नेता भी हैं, जो इस दौड़ में ‘छुपे रुस्तम’ साबित हो सकते हैं। बवाना (एससी) सीट से विधायक रवींद्र इंद्राज सिंह और भाजपा के लिए पहली बार मादीपुर (एससी) सीट जीतने वाले कैलाश गंगवाल को इसी रूप में देखा जा रहा है।