1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. फीफा विश्व कप : इंग्लैंड को 2-1 से हराकर गत चैंपियन फ्रांस सेमीफाइनल में
फीफा विश्व कप : इंग्लैंड को 2-1 से हराकर गत चैंपियन फ्रांस सेमीफाइनल में

फीफा विश्व कप : इंग्लैंड को 2-1 से हराकर गत चैंपियन फ्रांस सेमीफाइनल में

0
Social Share

दोहा, 11 दिसम्बर। ओलिविएर गिरूड के गोल की मदद से मौजूदा चैंपियन फ्रांस ने इंग्लैंड को 2-1 से पराजित कर फीफा विश्व कप फुटबॉल टर्नामेंट के सेमीफाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बना ली।

अल खोर शहर के अल बायत स्टेडियम में शनिवार की रात गिरूड ने 78वें मिनट में फ्रांस के लिए दूसरा और निर्णायक गोल दागा। गिरूड ने तब खुशी में तेज दौड़ लगाई, जब उनका हेडर इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड को छका कर गोल के अंदर घुसा। इंग्लैंड के स्ट्राइकर हैरी केन को इसके बाद बराबरी का मौका मिला, लेकिन पेनाल्टी पर उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर से बाहर निकल गया।

हैरी केन ने इंग्लैंड को मिली पेनाल्टी किक गंवाई

यह केन की दूसरी पेनाल्टी थी। इससे पहले 54वें मिनट में उन्होंने पेनाल्टी को ही गोल में बदलकर इंग्लैंड को बराबरी दिलाई थी। ऑरेलियन टचौमेनी ने 17वें मिनट में फ्रांस की तरफ से पहला गोल किया था।

फ्रांस अब ब्राजील का इतिहास दोहराने से 2 कदम दूर

इस सफलता के साथ ही फ्रांस अब ब्राजील के बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाला दूसरा देश बनने से केवल दो जीत दूर है। पांच बार के पूर्व चैंपियन ब्राजील ने 1958 और 1962 में लगातार दो विश्व कप जीते थे। फ्रांस बुधवार को होने वाले सेमीफाइनल में मोरक्को का सामना करेगा, जिसने दिन में पुर्तगाल को एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में 1-0 से हराया था। मोरक्को विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पहली अफ्रीकी व अरब देश है।

गिरूड ने 53वां गोल दागकर नया फ्रांसीसी रिकॉर्ड बनाया

इंग्लैंड बनाम फ्रांस मुकाबले में 1-1 से बराबरी के बाद इंग्लैंड बढ़त लेने की स्थिति में भी दिख रहा था। लेकिन वह गिरूड थे, जिन्होंने एंटोनी ग्रीजमैन के क्रास पर गोल करके फ्रांस की तरफ से 53वां गोल दागकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।

फ्रांस की यह खुशी हालांकि ज्यादा देर तक नहीं रही क्योंकि रेफरी विल्टन सैंपैयो ने बॉक्स के अंदर स्थानापन्न मैसन माउंट की चुनौती की समीक्षा की, जिन्हें थियो हर्नांडेज ने गिरा दिया था। ब्राजील के रेफरी ने इंग्लैंड को पेनाल्टी दे दी।

दूसरी पेनाल्टी पर केन के चूकते ही अंग्रेज समर्थक निराश

केन ने जब पहली बार पेनाल्टी ली थी तो तब वह टोटेन्हैम के अपने साथी ह्यूगो लोरिस को छकाने में सफल रहे थे, लेकिन दूसरी बार में उनकी किक क्रॉसबार के ऊपर से बाहर चली गई। इससे जहां इंग्लैंड के समर्थक निराश हो गए वहीं फ्रांसीसी समर्थक जश्न मनाने लगे। इंग्लैंड को पहली पेनाल्टी टचौमेनी द्वारा बुकायो साका को गिराने के कारण मिली थी।

 

पिछले साल यूरोपीय चैंपियनशिप के फाइनल में इटली से पेनाल्टी में हारने वाला इंग्लैंड 2018 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा था। इंग्लैंड ने विश्व कप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने तक 12 गोल किए थे और उसे पहली बार किसी मैच में पिछड़ना पड़ा। ईरान को 6-2 से करारी शिकस्त देने के बाद यह पहला यह पहला अवसर था जबकि इंग्लैंड की टीम ने गोल खाया।

केन ने इंग्लैंड की तरफ से 53वां गोल करके वेन रूनी के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की लेकिन उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका गंवा दिया। फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर काइलिन एम्बापे ने गोल नहीं किया, लेकिन जब केन पेनाल्टी पर गोल करने से चूके तो उन्होंने इसका खुल कर जश्न मनाया। एम्बापे ने इस विश्व कप में अब तक सर्वाधिक पांच गोल किए हैं तथा वह गिरूड और लियोनेल मेसी से एक गोल आगे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code