पश्चिम एशिया में गहराते संकट से शेयर बाजार में जबर्दस्त गिरावट, सेंसेक्स 1123 अंक टूटा, निफ्टी, 24500 के नीचे
मुंबई, 4 मार्च। ईरान पर जारी अमेरिका व इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों के चलते पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर एशियाई शेयर बाजार पर साफ दिखा। इस क्रम में भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबर्दस्त गिरावट रही और प्रमुख शेयर सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1.40 प्रतिशत व एनएसई निफ्टी 1.55 प्रतिशत तक टूट गए।
सेंसेक्स 1122.66 अंक गिरकर 79,116.19 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स लगातार चौथे सत्र में गिरावट दर्ज करते हुए 1,122.66 अंक या 1.40 प्रतिशत गिरकर 79,116.19 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह एक समय 1,795.65 अंक या 2.23 प्रतिशत तक लुढ़ककर 78,443.20 के निचले स्तर पर आ गया था। हालांकि, सत्र के दूसरे भाग में कुछ नुकसान की भरपाई हुई। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ तीन के शेयर लाभ में रहे जबकि 27 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 385.20 अंक गिरकर 24,480.50 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 385.20 अंक या 1.55 प्रतिशत गिरकर 24,480.50 पर बंद हुआ। यह पिछले छह माह का सबसे निचला बंद स्तर है। दिन में कारोबार के दौरान निफ्टी 560.3 अंक या 2.25 प्रतिशत गिरकर 24,305.40 तक जा लुढ़का था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 46 के स्टॉक कमजोर रहे और सिर्फ चार में बढ़त दर्ज की गई। व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 2 फीसदी टूट गए।
आईटी छोड़ लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान पर बंद
चौतरफा बिकवाली के बीच लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। इंफ्रा, पीएसयू बैंक, रियल्टी, मीडिया, ऑयल एंड गैस, ऑटो और मेटल सेक्टर में 2% से 4% तक की गिरावट दर्ज की गई। केवल आईटी इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुआ।
निवेशकों के 10.10 लाख करोड़ रुपये डूबे
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक ही सत्र में घटकर 446.80 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 456.90 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 10.10 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 10.10 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
टाटा स्टील के स्टॉक सबसे अधिक 6.76 प्रतिशत टूटे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील के स्टॉक सबसे अधिक 6.76 प्रतिशत टूटे। इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो (4.53 प्रतिशत) का स्थान रहा। बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व और कोटक महिंद्रा बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी ओर भारती एयरटेल, इंफोसिस और टेक महिंद्रा लाभ में रहे।
एफआईआई ने 3,295.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 3,295.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 8,593.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। होली के उपलक्ष्य में मंगलवार को बाजार बंद थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.08 प्रतिशत उछलकर 83.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
रुपया 67 पैसे टूटकर नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद
इस बीच भारतीय रुपया बुधवार को 67 पैसे की गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 92.14 के नए रिकॉर्ड निचले बंद स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को रुपया 91.47 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
