भारत में कोरोना संकट : केरल में पहली बार सबसे ज्यादा एक्टिव केस, महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर पिछड़ा

नई दिल्ली, 14 जुलाई। देश में पिछले लगभग डेढ़ वर्षों से व्याप्त कोविड-19 महामारी के दौरान सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र ही रहा है और कुल संक्रमितों (61 लाख से ज्यादा) के लिहाज वह अब भी सबसे ऊपर है। लेकिन बीते कुछ दिनों से केरल में लगातार बढ़ रहे नए मामलों के चलते मंगलवार को पहली बार ऐसा देखने को मिला कि उपचाराधीन मरीजों यानी एक्टिव केस के मामले में दक्षिण भारतीय राज्य ने महाराष्ट्र को भी पीछे छोड़ दिया।

केंद्रीय स्वास्थ एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी नवीनतम बुलेटिन के अनुसार केरल में 13 जुलाई तक 1,15,662 मरीजों का इलाज चल रहा था जबकि महाराष्ट्र में इलाजरत मरीजों की संख्या घटकर 1,07,691 रह गई है। देश में ये ही दोनों राज्य हैं, जहां अब भी एक लाख से ज्यादा कोरोना मरीज इलाजरत हैं।

केरल में बीते 24 घंटे के अंदर, जहां जीका वायरस के भी मामले लगातार मिल रहे हैं, कुल 14,539 नए संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में अब तक 30 लाख से ज्यादा कुल 30,87,673 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। 24 घंटे के अंदर 10,331 मरीज स्वस्थ हुए तो 124 लोगों की मौत भी हुई। राज्य में अब तक 29.5 लाख से ज्यादा कुल 29,57,201 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 14,810 लोगों की मौत हो चुकी है।

राष्ट्रीय स्तर पर 38,792 नए केस, 41 हजार स्वस्थ

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 38,792 नए केस आए। यह लगातार दूसरा दिन था, जब नए केस 40 हजार से कम रहे। हालांकि सोमवार के मुकाबले इसमें लगभग साढ़े सात हजार की बढ़ोतरी दिखी। इस दौरान 41,000 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 624 लोगों की मौत हुई।

देशभर में अब भी लगभग 4.30 लाख मरीज इलाजरत

देशभर में अब तक 3.09 करोड़ से ज्यादा कुल 3,09,46,074 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 97.28 फीसदी की दर से 3.01 करोड़ से ज्यादा कुल 3,01,04,720 लोगों ने इस जानलेवा बीमारी से निजात पाई है। हालांकि इस दौरान मृतकों की संख्या भी 1.33 फीसदी की दर से 4,11,408 तक जा पहुंची है। एक्टिव केस में 2,832 की दैनिक गिरावट रही और अब 1.39 फीसदी की दर से देश में कुल 4,29,946 मरीज इलाजरत हैं।

24 घंटे के अंदर 37.14 लाख लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के 179वें दिन मंगलवार को देशभर में 37,14,441 लोगों को टीके लगाए गए। इसके साथ ही अब तक 38.76 करोड़ से ज्यादा कुल 38,76,97,935 लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। उधर आईसीएमआर के अनुसार 24 घंटे के अंदर 19,15,501 लोगों की टेस्टिंग की गई। इसके साथ ही देशभर में 13 जुलाई तक 43.59 करोड़ से ज्यादा कुल 43,59,73,639 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular