1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : 40 हजार से नीचे गिरी नए संक्रमितों की संख्या, 4.30 लाख एक्टिव केस
भारत में कोरोना संकट : 40 हजार से नीचे गिरी नए संक्रमितों की संख्या, 4.30 लाख एक्टिव केस

भारत में कोरोना संकट : 40 हजार से नीचे गिरी नए संक्रमितों की संख्या, 4.30 लाख एक्टिव केस

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 जुलाई। केरल और महाराष्ट्र सहित 10 राज्यों में गुरुवार को भी कोविड-19 के नए मामलों और उनके साथ ही एक्टिव केस में जहां बढ़ोतरी देखने को मिली वहीं राष्ट्रीय स्तर पर नए संक्रमितों की संख्या 40 हजार से नीचे रही। हालांकि अब भी देशभर में लगभग 4.30 लाख लोगों का उपचार चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को अपनी नवीनतम बुलेटिन में यह जानकारी दी।

केरल में 13,773 नए केस, मृतकों की संख्या 100 से नीचे

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार केरल इकलौता राज्य है, जहां अब भी प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिल रहे हैं। गुरुवार को 13,773 केस सामने आए जबकि 12,370 लोग स्वस्थ हुए। हालांकि मृतकों की संख्या अर्से बाद 100 से नीचे 87 रही। एक्टिव केस में 1,316 की दैनिक वृद्धि के साथ राज्य में 1,19,513 इलाजरत मरीज हैं। यह संख्या देश में सबसे ज्यादा है।

महाराष्ट्र में अब भी प्रतिदिन 100 से ज्यादा मौतें

एक्टिव केस के मामले में दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है, जहां गुरुवार तक कुल 1,10,505 सक्रिय मामले थे। राज्य में 24 घंटे के भीतर 8,010 नए केस मिले तो 7,391 लोग स्वस्थ हुए। हालांकि महाराष्ट्र इकलौता राज्य है, जहां अब भी प्रतिदिन 100 से ज्यादा लोगों की इस महामारी से मौत हो रही है। गुरुवार को यह संख्या 170 दर्ज की गई। इसके साथ ही एक्टिव केस में 449 की दैनिक वृद्धि रही।

देश में अब तक 3.10 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि

राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो बीते 24 घंटे के दौरान 38,949 नए केस सामने आए। बुधवार को यह संख्या 40 हजार के पार चली गई थी। इसके सापेक्ष 40,026 लोग स्वस्थ हुए तो 542 लोगों की मौत हुई।

फिलहाल देश में अब तक 3.10 करोड़ से ज्यादा कुल 3,10,26,829 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 97.28 फीसदी की दर से 3.02 करोड़ के लगभग 3,01,83,876 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं जबकि 1.33 फीसदी की दर से अब तक 4,12,531 मौतें भी हुई हैं। एक्टिव केस में 1,619 की दैनिक गिरावट के साथ देश में अब 1.39 फीसदी की दर से 4,30,422 इलाजरत मरीज हैं।

24 घंटे के भीतर 38.78 लाख लोगों की टीकाकरण

इस बीच कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के तहत 24 घंटे के दौरान 38,78,078 लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही 181 दिनों में 39.53 करोड़ से ज्यादा कुल 39,53,43,767 लोग टीकाकरण का लाभ ले चुके हैं।

दूसरी तरफ आईसीएमआर की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को देश में 19,55,910 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही 15 जुलाई तक 43.79 करोड़ से ज्यादा कुल    43,79,29,549 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसी क्रम में दैनिक सकारात्मकता दर 1.99 फीसदी दर्ज की गई। लगातार 25 दिनों से यह दर तीन फीसदी से नीचे बनी हुई है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code