Homeहिन्दीचुनावझारखंड चुनाव : एनडीए में सीटों के बंटवारे पर बनी सहमति, 68...

झारखंड चुनाव : एनडीए में सीटों के बंटवारे पर बनी सहमति, 68 सीटों पर लड़ेगी भाजपा, आजसू को 10 सीटें

रांची, 18 अक्टूबर। झारखंड में अगले माह निर्धारित विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। इसके तहत भाजपा 81 सदस्यीय विधानसभा में 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं आजसू को 10, जदयू को दो और एक सीट लोजपा (आर) को दी गई है।

जल्द ही कर दिया जाएगा उम्मीदवारों का एलान – शिवराज सिंह चौहान

झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को यहां यह जानकारी दी। झारखंड भाजपा प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा-जदयू-ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) और लोजपा (आर) साथ मिलकर झारखंड विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है और जल्द ही उम्मीदवारों का भी एलान कर दिया जाएगा।

आजसू प्रमुख सुदेश महतो बोले – जनता हमें साथ देखना चाहती है

बाबूलाल मरांडी के साथ यहां भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा, ‘हम दोनों पार्टियों का बहुत पुराना संबंध है। झारखंड की जनता हमलोगों को साथ देखना चाहती है। राज्य के विकास के लिए और जनता के हित में हमने गठबंधन करने का फैसला किया है।’

सुदेश महतो ने कहा, ‘वर्तमान सरकार के कुशासन से झारखंड का हर वर्ग प्रभावित है। हम यहां दलीय समीकरण के रूप में जरूर यहां बैठे हैं। दूसरी ओर गांव-देहात में धरातल पर जनता का समीकरण भी तैयार हो रहा है। वर्तमान सरकार के मुखिया ने जो कारनामे किए हैं, उसकी चर्चा देश-दुनिया में हो रही है।’

इन सीटों पर चुनाव लड़ेगी आजसू

मीडिया की खबरों के अनुसार, झारखंड विधानसभा की जिन 10 सीटों पर आजसू चुनाव लड़ेगी, उनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर शामिल हैं। वहीं जदयू जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट पर चुनाव लड़ेगी। चतरा विधानसभा सीट चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा रामविलास को दी गई है।

झारखंड में दो चरणों में होगा मतदान

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 13 नवम्बर और 20 नवम्बर को मतदान होगा। वहीं 23 नवम्बर को नतीजों का एलान किया जाएगा। पहले चरण में राज्य की 43 विधानसभा सीटों पर और दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग होगी। झारखंड में एनडीए का मुकाबला झामुमो के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. से होगा। इंडी गठबंधन में सत्तारूढ़ झामुमो, कांग्रेस व राजद शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments