1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस यूपी में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का कार्यक्रम I.N.D.I.A. के घटक दलों से साझा करेगी
कांग्रेस यूपी में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का कार्यक्रम I.N.D.I.A. के घटक दलों से साझा करेगी

कांग्रेस यूपी में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का कार्यक्रम I.N.D.I.A. के घटक दलों से साझा करेगी

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 फरवरी। कांग्रेस ने रविवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का उत्तर प्रदेश में कार्यक्रम एक या दो दिन में तय होने के बाद I.N.D.I.A. के घटक दलों के साथ साझा किया जाएगा और उनकी भागीदारी से यह विपक्षी गठबंधन मजबूत होगा। कांग्रेस का यह बयान समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी के एक दिन बाद आया है। शनिवार को अखिलेश ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में भाग लेने के बारे में पूछे जाने पर कहा था, ‘दिक्कत यह है कि कई बड़े कार्यक्रम होते हैं, लेकिन हमें निमंत्रण नहीं मिलता।’

अखिलेश यादव की टिप्पणियों संबंधी एक वीडियो टैग करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है और एक-दो दिन में इसे अंतिम रूप से दे दिया जाएगा। रमेश ने कहा, ‘‘इसके बाद इसे राज्य में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ साझा किया जाएगा। उनका भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भाग लेना ‘इंडिया’ गठबंधन को और मजबूत करेगा। 16 फरवरी को यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है।’’

कांग्रेस को हाल में तृणमूल कांग्रेस जैसे ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस’ (I.N.D.I.A.) के घटक दलों की आलोचना का सामना करना पड़ा था, जिन्होंने सीटों के बंटवारे और यात्रा करने को लेकर पार्टी पर निशाना साधा था।

टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस यात्रा के उनके राज्य से गुजरने के दौरान इससे दूर रही थीं। अभी यह यात्रा झारखंड में है और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने शुक्रवार को इसमें भाग लिया। झामुमो विपक्षी गठबंधन का हिस्सा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code