लोकसभा चुनाव : कांग्रेस ने 14 उम्मीदवारों की 8वीं सूची जारी की, गुना में सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह

नई दिल्ली, 27 मार्च। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार की रात 14 उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी कर दी। इनमें चार-चार उम्मीदवार तेलंगाना और उत्तर प्रदेश और तीन-तीन मध्य प्रदेश और झारखंड से हैं।

शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ प्रताप भानु शर्मा ताल ठोकेंगे

कांग्रेस की आठवीं सूची में मध्य प्रदेश के गुना से केंद्रीय त्री नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विदिशा से प्रताप भानु शर्मा ताल ठोकेंगे। दामोह से तरवर सिंह लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है।

शिवराज सिंह चौहान दो दशक बाद लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं तो सिंधिया भाजपा की तरफ से पहली बार गुना से लोकसभा उम्मीदवार हैं। इससे पहले वह गुना से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते थे, लेकिन चार वर्ष पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था।

उत्तर प्रदेश के उम्मीदवार : उत्तर प्रदेश की बात करें तो गाजियाबाद से डॉली शर्मा, सीतापुर से नकुल दुबे, महाराजगंज से वीरेंद्र चौधरी और बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि को टिकट दिया गया है।

झारखंड : कांग्रेस ने झारखंड के खूंटी से कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग से जयप्रकाश पटेल को उम्मीदवार बनाया है। जयप्रकाश पटेल पिछले दिनों भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए थे।

तेलंगाना : तेलंगाना के आदिलाबाद से सुगन कुमारी चेलीमाला, निजामाबाद से टी. जीवन रेड्डी, मेडक से नीलम मधु और भोंगीर से सी किरण कुमार रेड्डी को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस अब तक 208 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है

कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 208 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले उसने सात अलग-अलग सूची जारी करके कुल 194 उम्मीदवार घोषित किए थे। देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। लोकसभा के 543 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता 10.5 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना चार जून को होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular