1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हुईं शामिल
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हुईं शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हुईं शामिल

0
Social Share

मांड्या (कर्नाटक), 6 अक्टूबर। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को कर्नाटक के मांड्या में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी तथा अन्य ‘भारत यात्रियों’ के साथ पदयात्रा की। पहली बार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं सोनिया ने मांड्या जिले के डाक बंगला इलाके से पदयात्रा आरंभ की। सोनिया एक माह ही कोरोना से उबरी हैं और अब तक उनका स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है।

राहुल ने कंधे पर हाथ रखकर मां का स्वागत किया

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कंधे पर हाथ रखकर मां का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में मौजूद महिला नेताओं ने सोनिया गांधी का हाथ थाम लिया। करीब 15 मिनट तक पैदल चलने के बाद राहुल ने सोनिया को वापस कार में भेज दिया। हालांकि, कुछ देर आराम करने के बाद सोनिया फिर से पैदल यात्रा में शामिल हो गईं।

देवगौड़ा परिवार के दबदबे वाला क्षेत्र माना जाता है मांड्या

देखा जाए तो सोनिया का कर्नाटक विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मांड्या में पदयात्रा करना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि यह देवगौड़ा परिवार के दबदबे वाला क्षेत्र माना जाता है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘यह ऐतिहासिक क्षण है कि सोनिया गांधी जी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। इससे पार्टी कर्नाटक में और मजबूत होगी।’

राहुल सहित 119 भारत यात्री‘ 3,570 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गत सात सितम्बर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। इन दिनों यात्रा कर्नाटक में है। यात्रा का समापन अगले वर्ष की शुरुआत में कश्मीर में होगा। पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को ‘भारत यात्री’ नाम दिया है, जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। ये लोग 3,570 किलोमीटर की निर्धारित दूरी तय करेंगे। कांग्रेस का मानना है कि यह यात्रा पार्टी के लिए संजीवनी का काम करेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code