1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, आदिवासी और पाटीदारों पर निगाहें
गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, आदिवासी और पाटीदारों पर निगाहें

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, आदिवासी और पाटीदारों पर निगाहें

0
Social Share

नई दिल्ली, 30 मार्च। एक के बाद एक लगातार कई चुनावों में पराजय से बेजार कांग्रेस ने इसी वर्ष दिसंबर में प्रस्तावित गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अभी से मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के शीर्ष सूत्रों पर भरोसा करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके अपने गृह प्रदेश में चुनौती देने के लिए पार्टी कुछ दूसरे छोटे दलों से गठबंधन करने की योजना भी तैयार कर रही है।

एनसीपी सहित अन्य छोटे दलों से गठबंधन की योजना

पार्टी नेता शक्ति सिंह गोहिल कुछ भी खुलासा करने को तैयार नहीं हुए। लेकिन जो संकेत मिल रहे हैं, उससे साफ नजर आ रहा है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सहित कुछ अन्य दलों से कांग्रेस चुनावी गठबंधन करने की इच्छुक है। 2017 के चुनाव में उसे 182 सीटों वाली विधानसभा में 77 सीटें मिली थीं।

आदिवासियों के भूमि अधिग्रहण मसले पर भाजपा को घेरने की तैयारी

पार्टी मुख्य रूप से ओबीसी, अनुसूचित जाति, जनजाति मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है। यही कारण है कि आदिवासियों के भूमि अधिग्रहण के भाजपा सरकार के फैसले के खिलाफ उसने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने भी इस वोट बैंक को थामने के लिए फिलहाल अपने फैसले को ठंडे बस्ते में डालने की घोषणा कर दी है।

भाजपा में घबराहट, इसलिए पीएम मोदी बार-बार गुजरात दौड़ रहे – शक्ति सिंह गोहिल

राज्य में 80 सीटों पर ओबीसी का दबदबा है जबकि 27 सीटों पर आदिवासी समुदाय का और 60 सीटों पर पाटीदार फैसला करने की हैसियत रखते हैं। कांग्रेस इन तीनों समुदायों को थामने में अभी से जुट गई है। गोहिल का मानना था कि भाजपा में इस समय घबराहट है, इसके लिए पीएम मोदी बार-बार गुजरात दौड़ रहे हैं। भाजपा की राज्य सरकार आदिवासियों को रिझाने के लिए बंधु कल्याण योजना चला रही है। लेकिन कांग्रेस का दावा था कि उसका परंपरागत वोट उसे छोड़ कर कहीं जाने वाला नहीं है।

जेनी थुम्मर गुजरात महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त

इस बीच कांग्रेस ने गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष के तौर पर जेनी थुम्मर को नियुक्त कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राज्य में पार्टी की महिला ईकाई के प्रमुख के तौर पर थुम्मर की नियुक्ति की। थुम्मर ने गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर गायत्रीबा वाघेला का स्थान लिया है।

पार्टी की गुजरात इकाई में व्यापक फेरबदल, सोशल मीडिया टीम भी पुनर्गठित

कांग्रेस ने इसी कड़ी में पिछले सप्ताह पार्टी की गुजरात इकाई में बदलाव करते हुए 25 उपाध्यक्ष और 75 महासचिवों की भी नियुक्ति की थी। पार्टी ने राज्य विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी सोशल मीडिया टीम को भी पुनर्गठित किया है और पार्टी के कामों के बारे में मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाने तथा फर्जी खबरों से निबटने के लिए लगभग 200 कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल किया है।

गुजरात कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने बताया कि नई भर्तियों में जिला और मेट्रो स्तर पर 41 अध्यक्ष, 15 उपाध्यक्ष, 30 महासचिव, 44 सचिव और 60 कार्यकारी समिति के सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘पार्टी ने चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति का प्रबंधन करने के लिए नयी टीम बनाने की घोषणा की। पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं, और पार्टी आने वाले दिनों में सोशल मीडिया पर एक बड़ा कार्यक्रम करने की योजना बना रही है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code