राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी वाले वीडियो पर कांग्रेस ने किया ये दावा- यह एक सुनियोजित साजिश

नई दिल्ली, 19 फरवरी। कांग्रेस ने राजस्थान में एक व्यक्ति द्वारा राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दिए जाने संबंधी वीडियो का हवाला देते हुए गुरुवार को दावा किया कि यह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ हिंसा की सुनियोजित साजिश है। पार्टी के मीडिया विभाग प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि पहले भी नाथूराम गोडसे तैयार किया गया था तथा आज फिर एक और गोडसे को तैयार किया जा रहा है।

पूरा आरएसएस-भाजपा तंत्र एक ‘गोडसे फैक्टरी‘ – पवन खेड़ा

पवन खेड़ा ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक व्यक्ति को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी देते सुना जा सकता है। खेड़ा ने दावा किया कि पूरा आरएसएस-भाजपा तंत्र एक ‘गोडसे फैक्टरी’ है। तथाकथित करणी सेना द्वारा राहुल गांधी और 25 सांसदों के खिलाफ दी गई धमकी कोई अलग-थलग पड़ी घटना नहीं है। यह एक सुनियोजित और कपटपूर्ण साजिश का हिस्सा है।

कांग्रेस नेता ने कहा – पहले, किरेन रिजिजू ने सार्वजनिक रूप से झूठ बोला और देश को गुमराह किया कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में ओम बिरला का अपमान किया जबकि उपलब्ध वीडियो फुटेज इस दावे का खंडन करती है, जिसमें ऐसा कोई अपमान दिखाई नहीं देता। बल्कि, उस दौरान लोकसभा अध्यक्ष को मुस्कराते हुए देखा जा सकता है।

विपक्ष को बदनाम करने का सुनियोजित अभियान

खेड़ा ने कहा कि भाजपा सांसदों ने विभिन्न मंचों पर लगभग एक जैसी पंक्ति दोहरानी शुरू कर दी कि राहुल गांधी भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। यह विपक्ष को बदनाम करने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों, विशेषकर राहुल जी के खिलाफ हिंसा को वैध ठहराने का एक सुनियोजित अभियान है।

वहीं कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘स्वघोषित मोदी भक्त, नेता प्रतिपक्ष को जान से मारने की खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। यह संसद से लेकर राजनीतिक रैलियों तक, राष्ट्रीय विमर्श में भाजपा द्वारा पैदा की गई शत्रुता और प्रतिशोध की जहरीली संस्कृति का प्रत्यक्ष परिणाम है।’ उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोग राजनीतिक विरोधियों को कट्टर दुश्मन मानते हैं जिनको वे खत्म करना चाहते हैं और नफरत में चूर समर्थकों को विपक्षी नेताओं को धमकाने के लिए लगा दिया जाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular