1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस का प्रहार- पीएम मोदी चुप्पी तोड़ें और भक्तों से माफी मांगें
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस का प्रहार- पीएम मोदी चुप्पी तोड़ें और भक्तों से माफी मांगें

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस का प्रहार- पीएम मोदी चुप्पी तोड़ें और भक्तों से माफी मांगें

0
Social Share

नई दिल्ली, 30 जून। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर उठे राजनीतिक तूफान के बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि पीएम मोदी को इस मामले में चुप्पी तोड़ने के साथ भक्तों से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को यहां पार्टी कार्यालय में आहूद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने भक्तों का पैसा हड़प लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में आए चढ़ावे की चोरी हुई है। इसे बड़ा पाप बताया।

पीएम मोदी की चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े करती है – सुप्रिया श्रीनेत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘राम मंदिर के भूमिपूजन से लेकर उसकी प्राण-प्रतिष्ठा तक, सब कुछ अपनी देखरेख में कराने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चढ़ावे की इस चोरी पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। उन्हें अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और इस धोखे के लिए भक्तों से माफी मांगनी चाहिए। उनकी यह चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े करती है।’

कांग्रेस प्रवक्ता ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई साधारण ट्रस्ट नहीं है। इसकी घोषणा नरेंद्र मोदी ने फरवरी, 2020 में की थी। इसके पदाधिकारी वे लोग हैं, जो जीवनभर आरएसएस से जुड़े रहे हैं, जिन्होंने संघ के स्वयंसेवक के रूप में काम किया है। इनमें से कुछ पीएम मोदी के पसंदीदा हैं, तो कुछ (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) योगी आदित्यनाथ के।

भाजपा-आरएसएस ने इस ट्रस्ट को अपने ही लोगों से भर दिया

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस ने इस ट्रस्ट को अपने ही लोगों से भर दिया और इसे आरटीआई (RTI) के दायरे से बाहर रखा। उन्होंने कहा, ‘ऐसी स्थिति में, जब यह ट्रस्ट अपनी पूरी साख खो चुका है, इसे तुरंत भंग कर दिया जाना चाहिए। चढ़ावे की इस चोरी ने आरएसएस को बेनकाब कर दिया है और देश को दिखा दिया है कि यह लालची और पापियों से भरा हुआ है।’

यूपी में कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में नजरबंद किए जाने का आरोप

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और अन्य नेताओं को राम मंदिर के दौरे से पहले नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किए जाने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘आज पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में नजरबंद किया जा रहा है। विपक्ष के खिलाफ यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि भगवान राम को लूटने वाले बचकर निकल सकें।’

कांग्रेस प्रवक्ता ने इस मामले पर सरकार से कई तीखे सवाल भी पूछे। उन्होंने सवाल किया, ‘राम मंदिर में हुई चोरी से जुड़े लोग कौन हैं? चंदे की चोरी के आरोपों के बाद एफआईआर (FIR) दर्ज करने में देरी क्यों हुई? (ट्रस्ट के पूर्व महासचिव) चंपत राय को कौन संरक्षण दे रहा है?’

भाजपा सरकार व ट्रस्ट ने करोड़ों हिन्दुओं के भरोसे के साथ विश्वासघात किया

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भगवान श्री राम का मंदिर आस्था, विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। देशभर के करोड़ों लोगों की आस्था इस मंदिर से जुड़ी है और इसीलिए लोगों ने दान दिया। लेकिन भाजपा सरकार और ट्रस्ट ने करोड़ों हिन्दुओं के भरोसे के साथ विश्वासघात किया है।

योगी सरकार से SIT जांच सार्वजनिक करने की मांग

उन्होंने योगी सरकार से मांग की कि एसआईटी (SIT) जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। साथ ही अब तक मिले सभी दान की निष्पक्ष ऑडिट कराई जानी चाहिए। उन्होंने इसे महा-घोटाला बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से इसकी जांच कराने की भी मांग की।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code