Congo School Fire: कांगो में दो स्कूलों में भीषण आग, 24 बच्चों की मौत; 300 घर भी जलकर खाक

बुकावू,11 सितंबर। पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) के बुकावू शहर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घनी आबादी वाले कदूतू समुदाय क्षेत्र में दो स्कूलों में अचानक भीषण आग लग गई। आग से बचने के लिए मची अफरा-तफरी और भगदड़ में कम से कम 24 स्कूली बच्चों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आग की चपेट में आने और भगदड़ के दौरान घायल होने से बच्चों के अलावा कुछ वयस्कों की भी जान गई है। हादसे में दर्जनों बच्चे और स्थानीय लोग घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

आग की चपेट में आए 300 से ज्यादा घर

आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूलों के आसपास बने करीब 300 रिहायशी मकान भी इसकी चपेट में आ गए। कई घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। अस्पतालों में भर्ती कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद सामने आए अस्पताल के दृश्य बेहद परेशान करने वाले हैं, जहां घायल बच्चों समेत कई लोग उपचार के लिए भर्ती हैं।

मलबे में तलाशी जारी, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

विद्रोहियों द्वारा नियुक्त स्थानीय प्रशासन ने गुरुवार शाम 24 बच्चों की मौत की पुष्टि की। हालांकि, घटनास्थल पर मलबे और टिन की चादरों से बने जले हुए ढांचों की तलाशी अभी जारी है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार दोपहर तक आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है।

M23 विद्रोहियों के कब्जे में है बुकावू

बुकावू दक्षिण किवू प्रांत की राजधानी है और देश के घनी आबादी वाले पहाड़ी शहरों में इसकी गिनती होती है। शहर पर फिलहाल M23 विद्रोही समूह का कब्जा बना हुआ है। स्कूलों में आग लगने की इस घटना ने संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में नागरिकों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular