1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी : प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, अमोनिया गैस के रिसाव से 4 मजदूरों की मौत, 9 अन्य घायल
यूपी : प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, अमोनिया गैस के रिसाव से 4 मजदूरों की मौत, 9 अन्य घायल

यूपी : प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, अमोनिया गैस के रिसाव से 4 मजदूरों की मौत, 9 अन्य घायल

0
Social Share

प्रयागराज, 23 मार्च। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गंगा नगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया। हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में चार श्रमिकों की मौत की खबर सामने आ रही है जबकि नौ अन्य घायल हैं। अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों में छह की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मलबे में कई मजदूरों के दबने होने की भी आशंका है। फिलहाल, बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि फाफामऊ थानाक्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज आज दोपहर अचानक भर भराकर ढह गया। इससे नौ श्रमिक घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी है। फायर विभाग की टीम भी सक्रिय है, जो गैस रिसाव बंद करने की दिशा में काम कर रही है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, ‘हमें आज दोपहर डेढ़-दो बजे के बीच फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की सूचना मिली, जिस पर मैं और पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।’

अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। फिलहाल, बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मौके पर एंबुलेस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम, एसडीआरएफ और प्रयागराज पुलिस के जवान मौजूद हैं। करीब आधा दर्जन बुलडोजर के सहारे मलबे को हटाया जा रहा है। कोल्ड स्टोरेज की तरफ जाने वाले रूट्स का डाइवर्जन कर दिया गया है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार जिस कोल्ड स्टोरेज में हादसा हुआ है, वह समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे अंसार अहमद का है। घटनास्थल पर पहुंचे प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी ने कोल्ड स्टोरेज के मानकों पर सवाल उठाए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज जिस समय गिरा, उस समय वहां पर दो दर्जन से अधिक मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच होगी और जो दोषी होगा उसपर काररवाई होगी। फिलहाल, मृतकों के बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code