1. Home
  2. राज्य
  3. सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा -पूर्ववर्ती सरकारों ने न सिर्फ UP का विश्वास तोड़ा, नौजवानों के सपने भी तोड़े
सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा -पूर्ववर्ती सरकारों ने न सिर्फ UP का विश्वास तोड़ा, नौजवानों के सपने भी तोड़े

सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा -पूर्ववर्ती सरकारों ने न सिर्फ UP का विश्वास तोड़ा, नौजवानों के सपने भी तोड़े

0
Social Share

लखनऊ, 24 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों को विकास विरोधी करार देते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने न केवल प्रदेश का विश्वास तोड़ा, बल्कि यहां के युवाओं के ”सपनों को भी चकनाचूर” किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र 3.0’ की शुरुआत करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ”यह विश्वास, जिसे राजनीतिक कारणों से पिछली सरकारों ने तोड़ा था, केवल विश्वास नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सपनों को भी चकनाचूर किया गया था।”

समारोह में उपस्थित निवेशकों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेश देश के भीतर निवेश के एक विशेष गंतव्य के रूप में स्थापित हो-यह सपना नौ वर्ष पहले देखा गया था। आप सभी की उपस्थिति उस सपने को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है।” योगी ने कहा, ”आपने प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार पर विश्वास किया है। आपके इस विश्वास पर खरा उतरने और आपको अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए इस सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।” मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके कारण उत्तर प्रदेश पूरे देश में निवेश के प्रमुख स्थल के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा, ”इस विश्वास को देखकर लगता है कि वास्तव में यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।” विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेशवासियों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया गया था। देश की सबसे अधिक आबादी वाले राज्य के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाए गए थे।” उन्होंने कहा, ”मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में डबल इंजन की उत्तर प्रदेश सरकार पर आपने जो विश्वास नौ वर्षों से लगातार व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने के लिए हमारी टीम ने निरंतर परिश्रम किया है और उसके परिणाम हर स्तर पर दिखाई दे रहे हैं।”

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर गर्व है। उन्होंने कहा, ”वादे बहुत किए जाते हैं, लेकिन निभाए नहीं जाते। जब से देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार बनी है, तब से वातावरण में व्यापक बदलाव आया है।”मौर्य ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से लोग डरते थे, लेकिन अब सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति आई है और राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार निरंतर बढ़ रहा है। इस अवसर पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और राज्य मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भी समारोह को संबोधित किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code