1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. सीएम नीतीश कुमार ने किया ‘गंगा जल आपूर्ति’ योजना का उद्घाटन, इन क्षेत्रों के लोगों की बुझेगी प्यास
सीएम नीतीश कुमार ने किया ‘गंगा जल आपूर्ति’ योजना का उद्घाटन, इन क्षेत्रों के लोगों की बुझेगी प्यास

सीएम नीतीश कुमार ने किया ‘गंगा जल आपूर्ति’ योजना का उद्घाटन, इन क्षेत्रों के लोगों की बुझेगी प्यास

0
Social Share

नालंदा, 27 नवम्बर। बिहार के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लगातार प्रयास से पतित पावनी गंगा का जल आखिरकार अपने मूल मार्ग से सौ किलोमीटर दूर और लगातार ऊंचाई पर चढ़ते हुए राजगीर तक आ पहुंचा। इससे नालंदा जिले के लोगों को वर्षपर्यन्त पीने के लिए पर्याप्त जल मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को गिरियक में ‘गंगा जल आपूर्ति’ योजना का उद्घाटन किया और गंगा आरती भी की। उन्होंने कहा, कि ‘गंगा जल की आपूर्ति एक जगह से हो रही है। यहां से एक हिस्सा राजगीर के लिए, एक हिस्सा बौद्ध गया के लिए और एक हिस्सा नवादा के लिए जाएगा।’

एक व्यक्ति को प्रतिदिन 135 लीटर के हिसाब से दिया जाएगा पानी

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि पानी की कमी को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है। इसके माध्यम से एक व्यक्ति को 135 लीटर प्रतिदिन के हिसाब से पानी दिया जाएगा। दरअसल, गंगा जल को 11 शक्तिशाली पंपों के जरिए हाथीदह से राजगीर, गया, बोधगया और नवादा पहुंचाया जाएगा। राजगीर में इसके लिए डिटेंशन सेंटर बनाया गया है।

राजगीर कन्वेंशन सेंटर में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अब राजगीर के लोगों को गंगा जल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना पर वो बहुत पहले से काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजगीर के लिए बहुत से काम किए हैं। गंगा की धार यहां आने से लोगों को काफी सुविधा होगी। हर तरह की जरूरतों के लिए जल घर तक उपलब्ध होगा।

कन्वेशन सेंटर पूरे बिहार में पहली बार राजगीर में बना

नीतीश कुमार ने कहा कि राजगीर में अब नेचर सफारी, जू सफारी बनवा दिया गया है। पर्यटन के लिहाजा से लगातार काम किया जा रहा है। राजगीर काफी महत्वपूर्ण जगह है। राजगीर कन्वेशन सेंटर पूरे बिहार में पहली बार राजगीर में बना। देश में इसकी चर्चा हुई। नेचर सफारी, जू सफारी घोड़ा कटोरा से लेकर कई काम राजगीर के लिए किए। किसी को जाने-आने में समस्या न हो, इसके लिए भी सुविधा दी गई।

अब जरासंध के अखाड़े के पास जरासंध स्मारक बनवाना है

मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि अब एक ही काम बचा है। जरासंध के अखाड़े के पास जरासंध स्मारक बनवाया जाएगा। इससे पर्यटकों का ज्ञानवर्धन होगा। उन्होंने कहा कि अब कोई चीज नहीं बची है।

समारोह में सीएम नीतीश के साथ उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी और जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी मौजूद थे। विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ऐसा काम करके दिखाते हैं, जिसके बारे में लोग सोचते भी नहीं हैं। राजगीर की यह योजना इसका उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस योजना को पूरा करने का सारा श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जाता है। मुख्यमंत्री बोलने में नहीं, बल्कि काम करने में विश्वास करते हैं। महागठबंधन की सरकार आम लोगों की जरूरत के हर मसले पर काम कर रही है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code