1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र में सत्ता संभालने के बाद पहली बार राज ठाकरे के आवास पर पहुंचे सीएम एकनाथ शिंदे, किए गणपति के दर्शन
महाराष्ट्र में सत्ता संभालने के बाद पहली बार राज ठाकरे के आवास पर पहुंचे सीएम एकनाथ शिंदे, किए गणपति के दर्शन

महाराष्ट्र में सत्ता संभालने के बाद पहली बार राज ठाकरे के आवास पर पहुंचे सीएम एकनाथ शिंदे, किए गणपति के दर्शन

0
Social Share

मुंबई, 1 सितम्बर। मायनगरी सहित पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की धूम शुरू हो चुकी है और कई राजनेता गणपति दर्शन के बहाने एक-दूसरे के घर जाकर अपने राजनीतिक हित साधने में भी जुट गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी बुधवार से ही ठाणे व मुंबई में कई सार्वजनिक निकायों, राजनीतिक नेताओं, उद्योगपतियों के घरों में गणेश दर्शन के लिए जा रहे हैं।

राज ठाकरे ने नए आवास शिवतीर्थ में पहली बार बप्पा की प्रतिमा बैठाई है

मुख्यमंत्री शिंदे इसी कड़ी में गुरुवार को गणेश दर्शन के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के आवास शिवतीर्थ पहुंचे। राज्य में सत्ता संभालने के बाद यह पहला मौका था, जब एकनाथ शिंदे राज ठाकरे के आवास पर पहुंचे। सीएम शिंदे अपराह्न लगभग साढ़े चार बजे राज ठाकरे के दादर स्थित आवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंचे। शिवतीर्थ राज ठाकरे के नए घर का नाम है। यहां पहली बार राज ठाकरे ने गणपति बप्पा की प्रतिमा बैठाई है।

मुकेश अंबानी के आवास पर भी पहुंचे सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस

इससे पहले सुबह सीएम शिंदे एवं उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह के निदेशक मुकेश अंबानी के एंटीलिया स्थित आवास भी पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन किए। इस मौके पर फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस, मुकेश अंबानी की मां कोकिलाबेन अंबानी व बेटे अनंत अंबानी भी मौजूद थे। इसके अलावा शिंदे शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी तथा शिवसेना प्रमुख व पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के निजी सहायक मिलिंद नार्वेकर सहित अन्य हस्तियों के आवास पर भी गणपति दर्शन के लिए पहुंचे।

साफ तौर पर बता दूं कि कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई

राज ठाकरे के घर से निकल कर सीएम एकनाथ शिंदे ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा, ‘गणेश उत्सव के दौरान हम एक दूसरे के घर आते-जाते हैं। गणराया का दर्शन करने मैं यहां आया था। उनकी सर्जरी भी हुई थी। उनका हाल-चाल पूछना था और गणपति दर्शन करना था। यह एक सदिच्छा भेंट थी। राजनीति पर कोई बात नहीं हुई। चर्चा में पुरानी बातों की यादें ताजा हुईं। आनंद दिघे साहेब की बातें भी याद की गईं। उनका भी दिघे साहेब से अच्छा रिश्ता था। साफ तौर पर बता दूं कि कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।’

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष बावनकुले और तावड़े भी ठाकरे से मिलने पहुंचे

इससे पहले, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और विनोद तावड़े भी राज ठाकरे से मुलाकात करने पहुंचे। कल ही भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार भी गणपति दर्शन के लिए राज ठाकरे के घर गए थे।

स्थानिक स्वराज्य संस्था में गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे

बीजेपी नेताओं और सीएम शिंदे की राज ठाकरे से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में आगामी स्थानिक स्वराज्य संस्था में गठबंधन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि बीएमसी में पिछले 25 वर्षों से शिवसेना की सत्ता कायम है। इस बार एकनाथ शिंदे का गुट अलग होकर भाजपा के साथ मिलकर सत्ता बदलने के तैयारी में दिख रहा है। वहीं, राज ठाकरे से तेजी से हो रही मुलाकात के बाद शिंदे गुट की शिवसेना, बीजेपी और राज ठाकरे की मनसे का समीकरण स्पष्ट रूप से जुड़ता दिख रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code