1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : चैम्पियन RCB की शानदार शुरुआत, कोहली ने ईशान के प्रयासों पर पानी फेरा
आईपीएल-19 : चैम्पियन RCB की शानदार शुरुआत, कोहली ने ईशान के प्रयासों पर पानी फेरा

आईपीएल-19 : चैम्पियन RCB की शानदार शुरुआत, कोहली ने ईशान के प्रयासों पर पानी फेरा

0
Social Share

बेंगलुरु, 28 मार्च। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार की रात इंडियन प्रीमयर लीग (IPL-19) के उद्घाटन मैच में ही रनों का खूब धूम-धड़ाका देखने को मिला। हालांकि विराट कोहली (नाबाद 69 रन, 38 गेंद, पांच छक्के, पांच चौके) ने अनुभवी हाथ दिखाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) कार्यकारी कप्तान ईशान किशन (80 रन, 38 गेंद, पांच छक्के, आठ चौके) के प्रयासों पर पानी फेर दिया और मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने घरेलू दर्शकों का पूरा पैसा वसूल कराते हुए 26 गेंदों के शेष रहते छह विकेट की सहज जीत से अपने अभियान की शानदार शुरुआत कर ली।

ईशान की धमाकेदार पारी, एसआरएच ने ठोके 201 रन

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य एसआरएच ने किशन के, जिन्होंने आईपीएल करिअर में तीन हजार रन भी पूरे कर लिए, विस्फोटक पचासे और अनिकेत वर्मा (43 रन, 18 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) व हेनरिच क्लासेन (31 रन, 22 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की जानदार पारियों से 20 ओवरों में नौ विकेट पर 201 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।

कोहली ने पडिक्कल, रजत व टिम डेविड संग सुनिश्चित की जीत

जवाब में आरसीबी ने कोहली व देवदत्त पडिक्कल (61 रन, 26 गेंद, चार छक्के, सात चौके) के त्वरित पचासों के अलावा अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से 15.4 ओवरों में ही चार विकेट पर 203 रन बना लिए। इस क्रम में शुरुआती विकेट जल्द गिरने के बाद विराट ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों पर पडिक्कल संग 101 रन ठोक दिए।

फिर कोहली व कप्तान रजत पाटीदार (31 रन, 12 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) के बीच 22 गेंदों पर 53 रनों की भागीदारी आ गई और अंत में पूर्व कप्तान ने टिम डेविड (नाबाद 16 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौके) संग पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 19 गेंदों पर अटूट 40 रनों की भागीदारी से मेजबानों की आसान जीत सुनिश्चित कर दी।

स्कोर कार्ड

विराट ने 16वें ओवर में हर्षल पटेल की पहली चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके जड़ते हुए टीम की जीत पर अंतिम मुहर लगाई। हालांकि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार पेसर जैकब डफी (3-22) को मिला, जिन्होंने एसआरएच की शुरुआत बिगाड़ी थी।

आईपीएल-19 : उद्घाटन मैच से पहले गत वर्ष हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 प्रशंसकों को दी गई श्रद्धांजलि

खराब शुरुआत के बाद किशन व क्लासेन ने की 97 रनों की साझेदारी

इसके पूर्व हैदाराबादी टीम की शुरुआत बिगड़ गई, जब डफी ने अपने पहले दो ओवरों में ट्रैविस हेड (11 रन, दो चौके), अभिषेक शर्मा (सात रन) व नीतीश कुमार रेड्डी (एक रन) को लौटा दिया था (3-29)।

हालांकि इसके बाद ईशान किशन व क्लासेन ने इसके बाद न सिर्फ स्थिति संभाली वरन चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों पर विद्युतीय 97 रनों की साझेदारी से टीम को गति प्रदान कर दी। फिर एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बाद बावजूद अनिकेत ने तेज हाथ दिखाते हुए दल को दो सौ के पार पहुंचाया। डफी के अलावा रोमारियो शेफर्ड ने भी 54 रन देकर तीन विकेट लिए।

रविवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code