राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस : चंपत राय ने खुद पर लगे आरोपों को किया खारिज, बोले- ‘SIT रिपोर्ट आने के बाद बात करूंगा’
अयोध्या, 8 जुलाई। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से हटाए जाने के बाद चंपत राय ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही वह इस मुद्दे पर बात करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट की सोमवार को हुई बैठक में महासचिव पद से चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य पद से अनिल मिश्र के इस्तीफा स्वीकार कर लिए गए थे। इसके साथ ही नए रिटायर्ड IFS मोहन को ट्रस्ट का नया अंतरिम महामंत्री नियुक्त किया गया था।
SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी
चंपत राय ने इस मामले में खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा- ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दान पेटी से दान की गिनती के दौरान कथित चोरी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कई लोगों ने मुझ पर बेबुनियाद निजी आरोप लगाए हैं, फिर भी मैंने चुप्पी साधे रखी है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद मैं उठाए जा रहे मुद्दों पर बात करूंगा और पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।’
धीरज धर्म मित्र अरु नारी,
आपद काल परिखिअहिं चारी। pic.twitter.com/PHtGs95ass— Champat Rai (@ChampatRaiVHP) July 7, 2026
स्मरण रहे कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने बैठक में लिए गए निर्णयों से अवगत कराते हुए कहा था कि चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए। राम मंदिर चढ़ावा चोरी से सभी सदस्य आहत हैं। कार्यवाहक के रूप में कृष्ण मोहन को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा मंदिर परिसर में सीईओ तैनात किए जाने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया है।
गोविंद देव ने यह भी कहा था कि महासचिव के तौर पर काम कर रहे चंपत राय बैठक में बहुत आहत थे। उन्हें लगा कि जब तक न्याय पूरी तरह से नहीं हो जाता, यानी दोषियों को पकड़ा नहीं जाता और उन्हें उचित सजा नहीं मिलती, तब तक अपने पद पर बने रहना ठीक नहीं है। इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अपना इस्तीफा दिया।
चंपत राय के इस्तीफे के बाद जिम्मेदारी कृष्ण मोहन को सौंपी गई है, जो यहां अंतरिम जनरल सेक्रेटरी रहेंगे। कोषाध्यक्ष ने कहा था, ‘चढ़ावे और दान की गई चीजों के गायब होने के आरोप हैं। इन सभी चीजों विवरण पेश करेंगे। हमारे पास ऐसी 2800 चीजों की सूची वाला एक रजिस्टर है और वे सभी सुरक्षित हैं।’
