1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल -19 : शतकवीर श्रेयस व प्रभसिमरन ने PBKS की उम्मीदें जीवंत रखीं, 10वीं हार से LSG का अभियान समाप्त
आईपीएल -19 : शतकवीर श्रेयस व प्रभसिमरन ने PBKS की उम्मीदें जीवंत रखीं, 10वीं हार से LSG का अभियान समाप्त

आईपीएल -19 : शतकवीर श्रेयस व प्रभसिमरन ने PBKS की उम्मीदें जीवंत रखीं, 10वीं हार से LSG का अभियान समाप्त

0
Social Share

लखनऊ, 23 मई। लगातार छह पराजयों के चलते शिखर से अचानक मझधार में जा अटके गत उपजेता पंजाब किंग्स (PBKS) को प्लेऑफ का टिकट मिलेगा अथवा नहीं, इसका फैसला तो लीग चरण के अंतिम दिन रविवार को होगा। फिलहाल कप्तान श्रेयस अय्यर ने जरूरत के वक्त न सिर्फ तूफानी शतकीय प्रहार (नाबाद 101 रन, 51 गेंद, पांच छक्के, 11 चौके) जमाया वरन ओपनर प्रभसिमरन सिंह (69 रन, 39 रन, दो छक्के, सात चौके) संग उनकी बहुमूल्य शतकीय भागीदारी का यह परिणाम था कि उनकी टीम ने शनिवार की रात यहां लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को 12 गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हराकर सातवीं जीत हासिल कर अपनी उम्मीदें जीवंत रखीं।

इंग्लिस के पचासे से 196 रनों तक पहुंचा था लखनऊ

श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य लखनऊ सुपर जाएंट्स ने ओपनर जोश इंग्लिस के विस्फोटक अर्धशतक (72 रन, 44 गेंद, दो छक्के, नौ चौके) एवं अन्य बल्लेबाजों संग उनकी उपयोगी साझेदारियों से छह विकेट पर 196 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

श्रेयस-प्रभसिमरन की 140 रनों की भागीदारी से आसान हुई जीत

जवाबी काररवाई में मो. शमी (2-45) के हाथों शुरुआती तीन ओवरों में ही पंजाब किंग्स को मिले दो बड़े झटकों के बाद प्रभसिमरन व श्रेयस ने ऐसा ताबड़तोड़ प्रहार शुरू किया कि मेजबान गेंदबाज लस्त-पस्त हो गए। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों पर ही 140 रनों की धुंआधार शतकीय भागीदारी कर दी और उनकी टीम ने 18 ओवरों में तीन विकेट पर ही 200 रन बनाने के साथ सत्र में दूसरी बार लखनऊ पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

शमी ने शुरुआत बिगाड़ी, प्रभसिमरन व श्रेयस ने रंग जमाया

दरअसल, पंजाब किंग्स को पहली ही गेंद पर झटका लगा, जब मो. शमी (2-45) ने प्रियांस आर्य को खाता नहीं खोलने दिया। इसी गेंदबाज ने तीसरे ओवर में कूपर कोनोली (18 रन, 10 गेंद, चार चौके) को भी निबटा दिया (2-22)। लेकिन प्रभसिमरन व उनका साथ देने आए श्रेयस ने मौके की नजाकत भांपते हुए संभलकर खेलना शुरू किया। यही वजह रही पॉवरप्ले में लखनऊ (2-66) से पंजाब एक रन कम ही रहा। लेकिन इसके बाद दोनों ने रफ्तार बढ़ाई तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। पहले प्रभसिमरन ने सत्र का छठा पचासा जड़ा और जल्द ही श्रेयस भी छठी बार 50+ का आंकड़ा पार करने में सफल हो गए।

प्रथम प्रवेशी अर्जुन तेंदुलकर के पहले शिकार बने प्रभसिमरन

श्रेयस व प्रभसिमरन की निर्णायक शतकीय भागीदारी अंततः 15वें ओवर में टूटी, जब लखनऊ की ओर से पदार्पण मैच खेल रहे जीनियस सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन तेंदुलकर ने प्रभसिमरन को पगबाधा कर दिया। उस समय पंजाब को 30 गेंदों पर 35 रनों की दरकार थी।

श्रेयस ने विजयी छक्के के साथ आईपीएल में जड़ी अपनी पहली सेंचुरी

खैर, सूर्यांश शेडगे (नाबाद नौ रन, सात गेंद, एक चौका) की मौजूदगी में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ श्रेयस ने 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर मोहसिन के खिलाफ छक्का जड़ने के साथ ही आईपीएल में अपनी पहली सेंचुरी जड़ी और दल की जीत पर अंतिम मुहर भी लगा दी।

सातवीं जीत से चौथे स्थान पर पहुंची श्रेयस की टीम

सच पूछें तो मौजूदा सत्र में सबसे नाटकीय प्रदर्शन पंजाब किंग्स का ही रहा, जो शुरुआती सात मैचों में छह जीत सहित अजेय रहते हुए अंक तालिका में लगातार शीर्ष पर बना रहा। लेकिन उसके बाद लगातार छह पराजयों का भी उसे सामना करना पड़ा और वह दूसरे से तीसरे, फिर वहां से और नीचे लुढ़क गया। खैर, अब पूरे 14 मैचों में 15 अंक लेकर श्रेयस एंड कम्पनी फिर चौथे स्थान पर जा पहुंची है। वहीं रेस से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ टीम ने 14 मैचों में 10वीं हार के बाद आठ अंकों के साथ फिसड्डी रहते हुए अपने अभियान का समापन किया।

दिल्ली कैपिटल्स की भी औपचारिक रूप से विदाई

अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि रविवार को खेले जाने वाले लीग के अंतिम दो मैचों (मुंबई बनाम राजस्थान एवं कोलकाता बनाम दिल्ली) के परिणाम पंजाब किंग्स को कितना प्रभावित करते हैं। फिलहाल पंजाब बनाम लखनऊ मैच के परिणाम से एक और घटनाक्रम यह हुआ कि दिल्ली कैपिटल्स की भी औपचारिक रूप से विदाई हो गई क्योंकि अंतिम दिन केकेआर पर जीत के बावजूद वह 14 अंकों तक ही पहुंच सकेगा।

राजस्थान बनाम मुंबई मुकाबले पर टिका है अंतिम दिन का रोमांच

लीग चरण के अंतिम दिन के मुकाबलों की संभावित तस्वीर यह है कि राजस्थान ने यदि पहले ही बाहर हो चुके मुंबई को हराया तो फिर रियान पराग की टीम पंजाब को मायूस करते हुए न सिर्फ 16 अंकों के साथ प्लेऑफ की लाइनअप पूरी कर लेगी वरन केकेआर बनाम डीसी मैच भी अर्थहीन बनकर रह जाएगा। लेकिन यदि राजस्थान हारा तो फिर कोलकाता को प्लेऑफ की लाइनअप तय करने लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी, ताकि वह 15 अंकों के साथ अपना नेट रन रेट पंजाब से बेहतर कर सके।

इंग्लिस व बदोनी ने लखनऊ को खराब शुरुआत से उबारा

खैर, आज के मैच में लखनऊ की पारी देखें तो उसकी शुरुआत भी खराब ही रही क्योंकि अजमतुल्लाह ओमरजई (1-29) व मार्को यान्सेन (2-33) ने शुरुआती तीन ओवरों में क्रमशः अर्शिन कुलकर्णी (शून्य) व निकोलस पूरन (दो रन) को लौटा दिया। इसके बाद इग्लिस संग आयुष बदोनी (43 रन, 18 गेंद, तीन छक्के, पांच चौके) ने तेज हाथ दिखाए और 23 गेंदों पर 49 रनों की साझेदारी आ गई।

पंत व इंग्लिस के बीच 65 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी

युजवेंद्र चहल (2-25) ने बदोनी को प्रभसिमरन से स्टंप करा भागीदारी तोड़ी तो मौजूदा सत्र में लगातार दूसरा व कुल तीसरा पचासा जड़ने वाले इंग्लिस के साथ कप्तान ऋषभ पंत (26 रन, 22 गेंद, तीन चौके) ने चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 65 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी कर दी।

स्कोर कार्ड

चहल ने 14वें ओवर में पंत को अपना दूसरा शिकार बनाया तो इंग्लिस को 17वें ओवर में शशांक सिंह (1-29) ने लौटाया। अंत में अब्दुल समद ने तेज हाथ दिखाते हुए नाबाद 37 रनों (20 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की पारी से टीम को 200 के करीब पहुंचाया।

रविवार के मैच : मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स (मुंबई, अपराह्न 3.30 बजे), कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (कोलकाता, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code