1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. दिग्गज डेनिस शटलर विक्टर एक्सेल्सन के करिअर पर विराम, चोट के चलते की संन्यास की घोषणा
दिग्गज डेनिस शटलर विक्टर एक्सेल्सन के करिअर पर विराम, चोट के चलते की संन्यास की घोषणा

दिग्गज डेनिस शटलर विक्टर एक्सेल्सन के करिअर पर विराम, चोट के चलते की संन्यास की घोषणा

0
Social Share

नई दिल्ली, 15 अप्रैल। दो बार के ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन डेनमार्क के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेल्सन के अंतरराष्ट्रीय करिअर पर बुधवार को विराम लग गया, जब उन्होंने लगातार चोटों से परेशानी के चलते संन्यास की घोषणा कर दी।

पीठ की समस्या के चलते पिछले वर्ष अक्टूबर से कोर्ट से दूर हैं

BWF विश्व रैंकिंग में नंबर एक पोजीशन पर रह चुके 32 वर्षीय विक्टर पिछले वर्ष अक्टूबर से पीठ की समस्या के कारण किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके थे। उन्होंने इसके लिए सर्जरी भी कराई, लेकिन उनका दर्द अब भी बना रहता है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Viktor Axelsen (@viktoraxelsen)

तीन बार के यूरोपीय चैम्पियन एक्सेल्सन ने ‘बैडमिंटन यूरोप’ से कहा, ‘जैसा कि अधिकतर लोग जानते हैं कि मैं काफी समय से अपनी पीठ की समस्या से जूझ रहा हूं। पिछले वर्ष अप्रैल में सर्जरी कराने और लंबे समय तक ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरने के बाद दुर्भाग्य से अक्टूबर में यह दर्द फिर से उभर गया। दर्द के कारण मैं खेल नहीं पा रहा हूं और अभ्यास भी नहीं कर पा रहा हूं। इस कारण मुझे यह बेहद मुश्किल फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।’

183 सप्ताह तक विश्व नंबर एक रैंकिंग पर रहे हैं काबिज

एक्सल्सेन 183 सप्ताह तक विश्व में नंबर एक खिलाड़ी रहे हैं और इस लिहाज से वह तीसरे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने कहा कि दर्द कम न होने और डॉक्टरों का खेल जारी रखने पर एक और सर्जरी की चेतावनी दिए जाने के बाद आखिर में उन्हें अपने शरीर की बात सुननी पड़ी।

दो विश्व खिताब व दो ओलम्पिक स्वर्ण

मिलनसार स्वभाव का यह खिलाड़ी अपने पूरे करिअर में अस्थमा से भी जूझता रहा है। उन्होंने टोक्यो और पेरिस ओलम्पिक में लगातार स्वर्ण पदक जीते तथा 2017 और 2022 विश्व चैम्पियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया। वह यूरोपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली डेनमार्क की छह टीमों का भी हिस्सा रहे।

‘मेरा शरीर मुझे रुकने का संकेत दे रहा और डॉक्टरों की सलाह माननी होगी’

उन्होंने कहा, ‘मैंने यह फैसला चिकित्सकों से परामर्श करने के बाद लिया है। उनका कहना है कि मुझे अभी जो दर्द हो रहा है, उसके लिए शायद एक और सर्जरी करवानी पड़े। यदि सर्जरी सफल नहीं रही तो इससे भी गंभीर प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। मेरा शरीर मुझे रुकने का संकेत दे रहा है और मुझे अपने डॉक्टरों की सलाह माननी होगी।’ एक्सल्सेन ने आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच अक्टूबर, 2025 में डेनमार्क ओपन में खेला था।

लक्ष्य बोले – बैडमिंटन जगत एक्सेल्सन को खेल के महानतम खिलाड़ी के रूप में याद रखेगा

इस बीच भारत के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन ने विक्टर एक्सेल्सन के संन्यास की घोषणा के बाद एक भावुक संदेश में कहा कि बैडमिंटन जगत उन्हें ‘खेल के इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में से एक’ के रूप में याद रखेगा।

विश्व रैंकिंग में 11वें नंबर पर काबिज लक्ष्य ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, ‘बैडमिंटन आपके जैसे खिलाड़ी को पाकर धन्य है और आपको इस खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक के रूप में याद रखेगा। जो चीज आपको वास्तव में सबसे अलग बनाती है, वह यह है कि आप एक बहुत अच्छे इंसान हैं। आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’

विक्टर के संन्यास से इस खेल में बड़ा शून्य पैदा हो गया – विमल कुमार

लक्ष्य के गुरु और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने भी कहा कि एक्सेल्सन के संन्यास लेने से इस खेल में बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘विक्टर एक्सेल्सन का पीठ की समस्या के कारण के खेल से संन्यास लेने की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। एक महीने पहले जब मेरी उनसे आखिरी बार बात हुई थी, तब उन्होंने अपनी रिकवरी और सर्जरी के बाद सुधार न होने को लेकर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन तब मैंने कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें इतना कड़ा फैसला करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।’

विमल कुमार ने उम्मीद जताई कि विश्व बैडमिंटन महासंघ (BFI) एक्सल्सेन को कोई महत्वपूर्ण भूमिका सौंपेगा। उन्होंने कहा, ‘व्यक्तिगत तौर पर मुझे लगता है कि यह खेल के लिए ही एक नुकसान है। मुझे पूरी उम्मीद है कि विश्व बैडमिंटन महासंघ विक्टर को खेल में बड़ी भूमिका देने पर विचार करेगा।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code