Homeहिन्दीखेलटी20 विश्व कप : न्यूजीलैंड से मुकाबले के पहले बोले कप्तान कोहली...

टी20 विश्व कप : न्यूजीलैंड से मुकाबले के पहले बोले कप्तान कोहली – ‘हम 200 फीसदी शमी के साथ’

दुबई, 30 अक्टूबर। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टी20 विश्व कप के पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पराजय के बाद अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी की हुई ऑनलाइन ट्रोलिंग के मुद्दे पर नाराजगी जाहिर की है और कहा है कि किसी भी खिलाड़ी की धर्म के आधार पर आलोचना कतई उचित नहीं है। सुपर 12 चरण के ग्रुप दो में न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाले मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से मुखतिब कोहली ने कहा, ‘हमारा ध्यान बाहर के ड्रामे पर नहीं है और हम पूरी तरह से मैच पर फोकस कर रहे हैं।’

किसी को भी धर्म के आधार पर निशाने पर लेना अनुचित

विराट ने मो. शमी का समर्थन करते हुए कहा, ‘किसी को भी धर्म के आधार पर निशाने पर लेना पूरी तरह गलत है। मैंने कभी किसी के साथ ऐसा भेदभाव नहीं किया, कुछ लोगों का सिर्फ यही काम है। अगर किसी को मोहम्मद शमी के गेम में पैशन नहीं दिख रहा है तो मैं अपना वक्त बर्बाद करना नहीं चाहता। हम 200 फीसदी मोहम्मद शमी के साथ हैं और हमारा भाईचारा इससे हिलने वाला नहीं है।’

बाहर जो भी ड्रामा खड़ा किया गया, वो पूरी तरह गलत

कोहली ने कहा, ‘कुछ लोग सोशल मीडिया पर हैं, जो अपनी पहचान छिपाकर इस तरह की हरकते करते हैं। आज के वक्त में ये रेगुलर हो गया है। ये इनकी जिंदगी का सबसे निचला स्तर है, जब वो किसी को इस तरह से परेशान करते हैं। हम अपने ड्रेसिंग रूम में माहौल को सही रखते हैं और अपने खिलाड़ियों को साथ रखते हैं। बाहर जो भी ड्रामा खड़ा किया गया, वो पूरी तरह से उनकी गलतियों को दिखाता है।’

गेंदबाजी के लिए हार्दिक पंड्या पूरी तरह फिट

भारतीय कप्तान ने हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर भी बात की और कहा कि वह पूरी तरह फिट हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर छठे गेंदबाज की जरूरत पड़ती है तो वह हार्दिक हो सकते हैं या फिर मैं ही हो सकता हूं।’ वहीं, शार्दुल ठाकुर को लेकर कोहली बोले, ‘वह हमारे प्लान्स में जरूर हैं, लेकिन मैच की कंडीशन के हिसाब से प्लेइंग इलेवन का फैसला किया जाएगा।’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments