Homeअपराधराजस्थान : भरतपुर में जमीन के झगड़े में हैवानियत, ट्रैक्टर से 8...

राजस्थान : भरतपुर में जमीन के झगड़े में हैवानियत, ट्रैक्टर से 8 बार रौंदकर शख्स की हत्या

भरतपुर, 25 अक्टूबर। राजस्थान के भरतपुर से एक दिल दहला देने वाला घटनाक्रम सामने आया है, जहां जमीन विवाद में मामूल झगड़े के बाद एक शख्स को तड़पा-तड़पाकर मार डाला गया। इस हैवानियत का एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक शख्स की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या का खुलासा हुआ है। आरोपितों ने ट्रैक्टर को आठ बार आगे-पीछे करते हुए शख्स को बेरहमी से कुचला और मौत के घाट उतार दिया।

एक दर्जन लोग घायल, वीडियो वायरल हुआ

प्राप्त जानकारी के अनुसार भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवादित जमीन को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी दौरान एक शख्स की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। बेरहमी से ट्रैक्टर से युवक की कुचलकर हत्या करने का वीडियो वायरल हुआ है। इस झगड़े में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बहादुर सिंह गुर्जर और अतर सिंह गुर्जर के परिवारों के बीच रंजिश

पुलिस के अनुसार बयाना थाना क्षेत्र के गांव अड्डा में दो पक्षों – बहादुर सिंह गुर्जर और अतर सिंह गुर्जर के परिवारों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के करीब 22 लोगों को पाबंद किया था।

45 वर्षीय नरपत सिंह गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचला

जानकारी के अनुसार बुधवार को बहादुर सिंह गुर्जर पक्ष के लोग विवादित जमीन पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। जमीन को जोतने लग गए तो इसकी सूचना के बाद दूसरे पक्ष यानी अतर सिंह गुर्जर के परिवार वाले भी वहां पहुंचे। विरोध करने विवादित जमीन पर झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान 45 वर्षीय नरपत सिंह गुर्जर ट्रैक्टर को रोक कर विरोध करने की कोशिश कर रहा था। तभी ट्रैक्टर चालक ने उसको बेरहमी से ट्रैक्टर से कुचल दिया, इससे उसकी मौत हो गई।

लोग वीडियो बनाते रहे, वो हैवानियत करता गया

दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम लग गया था। झगड़े को रुकवाने के लिए कोई आगे नहीं आया। बीच – बचाव की जगह लोग मोबाइल में इस घटना का वीडियो बनाते रहे। कुछ देर के बाद ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि ट्रैक्टर चालक कैसे नरपत सिंह गुर्जर पर बार-बार ट्रैक्टर चढ़ा कर कुचलता रहा।

एएसपी ओमप्रकाश कलवानिया ने बताया कि सूचना मिली थी की बायना थाना क्षेत्र के अड्डा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया है। इसके बाद पुलिस अधिकारी जाप्ता लेकर वहां पहुंचे। तब तक झगड़े में एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। तीन दिन पहले भी इन दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। दोनों की तरफ से मामले दर्ज हुए हैं। कुल 22 लोगों को पाबंद भी किया गया है। शिकायत मिलने पर कानूनी काररवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments