मुंबई, 9 सितम्बर। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कच्चा तेल यानी ब्रेंट क्रूड छह माह में दूसरी बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा पहुंचा है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार पर पड़ना लाजिमी है, लिहाजा बुधवर को लगातार तीसरे दिन दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट लेकर रुके।
बीएसई सेंसेक्स 813 अंकों की फिसलन से जहां 75,000 के नीचे जा लुढ़का वहीं एनएसई निफ्टी 204 अंकों की कमजोरी से 23,450 के नीचे चला गया। इस क्रम में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली और संस्थागत विदेशी निवेशकों (FII) की नए सिरे से पूंजी निकासी से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित रही।
सेंसेक्स 813.35 अंकों की गिरावट से 74,764.23 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 813.35 अंक यानी 1.08 प्रतिशत लुढ़क कर दिन के निचले स्तर 74,764.23 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयरों में नुकसान देखने को मिला तो छह ऊपर चढ़े।
निफ्टी 203.60 अंकों की गिरावट से 23,431.50 पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर 23,431.50 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 13 के स्टॉक लाभ में रहे तो 36 में गिरावट दर्ज की गई।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज को सबसे अधिक 4.55% का नुकसान
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर सबसे अधिक 4.55 प्रतिशत टूटा। इसके अलावा इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में भी गिरावट रही। दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, ट्रेंट और एनटीपीसी शामिल हैं।
ब्रेट क्रूड 6 माह में दूसरी बार 100 डॉलर के पार पहुंचा
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल यानी ब्रेंट क्रूड की बात करें तो वह इसी वर्ष 28 फरवरी को ईरान पर पहली बार इजराइल व अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद 13 मार्च को 100 डॉलर प्रति बैरल के पार गया था। हालांकि अमेरिका-ईरान में समझौते की बात शुरू हुई तो उसकी कीमत जुलाई में 80 डॉलर प्रति बैरल के नीचे तक गई। लेकिन यह भाव ज्यादा दिन बरकरार नहीं रह सका और बुधवार को यह 2.67 प्रतिशत बढ़कर फिर 100.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एफआईआई ने 123.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 123.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।


