Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयपाकिस्तान : इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान...

पाकिस्तान : इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका, 31 मरे, 169 अन्य घायल

इस्लामाबाद, 6 फरवरी। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज जुमे की नमाज के दौरान एक शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में आत्मघाती हमला हुआ। पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार, इस हमले में 31 लोगों की मौत हो गई है और 169 अन्य घायल हुए हैं। हालांकि अब तक किसी आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।

इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित इमाम बारगाह खदीजत-उल-कुबरा में जोरदार धमाके के बाद पुलिस और रेस्क्यू सर्विस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत का काम शुरू किया गया। अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराया

धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज छह किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस हमले के लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि देश ‘युद्ध की स्थिति’ में है।

धमाके के बाद पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित

धमाके के बाद इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी गई। अधिकारियों को आशंका है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। सुरक्षा एजेंसियों ने इमाम बारगाह और आसपास के इलाके को घेर लिया है और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोट कैसे और किन हालात में हुआ।

पाकिस्तानी मंत्री बोले- ऐसी घटनाएं देश का हौसला नहीं तोड़ सकतीं

पाकिस्तान सरकार के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘इस्लामाबाद में हुए धमाके की मैं कड़ी निंदा करता हूं। इस हमले में मारे गए लोगों के लिए दुखी हूं। ऐसी आतंकी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती। जरूरत है कि हम सब मिलकर शांति, सहनशीलता और स्थिरता के लिए एकजुट हों और कानून व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहें।’

तीन माह पहले आत्मघाती धमाके में 12 लोग मारे गए थे

इससे पहले भी 11 नवम्बर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments