1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. यूपी निकाय चुनाव : भाजपा के बुलडोजर ने सपा, बसपा व कांग्रेस को रौंद डाला, मेयर की सभी 17 सीटों पर दबदबा
यूपी निकाय चुनाव : भाजपा के बुलडोजर ने सपा, बसपा व कांग्रेस को रौंद डाला, मेयर की सभी 17 सीटों पर दबदबा

यूपी निकाय चुनाव : भाजपा के बुलडोजर ने सपा, बसपा व कांग्रेस को रौंद डाला, मेयर की सभी 17 सीटों पर दबदबा

0
Social Share

लखनऊ, 13 मई।  उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाजपा के चुनावी बुलडोजर ने अखिलेश यादव की सपा, मायावती की बसपा व प्रियंका गांधी की कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों को रौंद डाला है। नगर निगमों में मेयर की सभी 17 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है या जीत चुकी है।

झांसी, अयोध्या, गाजियाबाद, बरेली, गोरखपुर व सहारनपुर में जीते भाजपा प्रत्याशी

भाजपा के उम्मीदवार झांसी, अयोध्या, गाजियाबाद, बरेली, गोरखपुर और सहारनपुर में जीत हासिल कर चुके हैं। झांसी में बिहारी लाल आर्य, अयोध्या में गिरीश पति त्रिपाठी, गाजियाबाद में सुनीता दयाल, बरेली में उमेश गौतम, गोरखपुर में डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और सहारनपुर में अजय सिंह मेयर चुनाव जीते हैं।

आगरा मेयर के चुनाव में भी भाजपा ने बसपा को पछाड़ा

एकमात्र आगरा के मेयर चुनाव में भाजपा पीछे थी, लेकिन दसवें राउंड की गिनती के बाद वहां भी बसपा की लता वाल्मीकि पिछड़ गई हैं। भाजपा की हेमलता दिवाकर कुशवाह 13वें राउंड के बाद 20 हजार वोट से आगे हो गई हैं। यानी मेयर चुनाव में सपा के बाद अब बसपा का भी खाता नहीं खुलता दिख रहा है।

नगरपालिका चेयरमैन के 199 पदों के चुनाव में 98 भाजपा, 59 सपा, 19 बसपा, कांग्रेस 7 और 16 पर अन्य कैंडिडेट आगे चल रहे हैं। नगर पंचायत के 544 चेयरमैन पदों के चुनाव में भाजपा के अध्यक्ष उम्मीदवार 204, सपा 171, बसपा के 51, कांग्रेस के 44 और अन्य 74 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

वार्ड पार्षदों के चुनाव में नगर निगम के 1420 वार्ड में 1342 वार्ड के रुझान आए हैं, जिनमें भाजपा 875, सपा 217, बसपा 158, कांग्रेस 26 और अन्य 66 सीटों पर आगे चल रहे हैं। नगरपालिका के वार्ड काउंसलर चुनाव में 5377 सीटों में जो 4937 के रुझान आ चुके हैं, उनमें भाजपा 3255, सपा 952, बसपा 495, कांग्रेस 114 और अन्य 121 सीटों पर आगे हैं। नगर पंचायत के 7177 वार्डों में जो 6289 के रुझान आए हैं उनमें भाजपा 3542, सपा 1651, बसपा 749, कांग्रेस 180 और अन्य 167 जगहों पर आगे चल रहे हैं।

नगर निगम मेयर चुनाव का पहला नतीजा झांसी से आया। बीजेपी के बिहारी लाल आर्य ने कांग्रेस के अरविंद बबलू को 50 हजार से अधिक वोटों से हराया। उसके बाद अयोध्या में बीजेपी के गिरीश पति त्रिपाठी, गाजियाबाद में बीजेपी की सुनीता दयाल, बरेली में भाजपा के उमेश गौतम, गोरखपुर में डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और सहारनपुर में अजय सिंह जीत गए हैं।

मेरठ में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के मोहम्मद अनस ने बड़ा उलटफेर किया है। भाजपा के हरिकांत अहलूवालिया तो आगे चल रहे हैं, लेकिन सपा की सीमा प्रधान को AIMIM के मोहम्मद अनस ने तीसरे नंबर पर ढकेल दिया है।

मेयर चुनाव में भाजपा की तरफ से लखनऊ में सुषमा खर्कवाल, कानपुर में प्रमिला पांडेय, वाराणसी में अशोक तिवारी, अलीगढ़ में प्रशांत सिंघल, फिरोजाबाद में कामिनी राठौर, मथुरा-वृंदावन में विनोद अग्रवाल, मुरादाबाद में विनोद अग्रवाल, प्रयागराज में गणेश केसरवानी, शाहजहांपुर में अर्चना वर्मा, आगरा में हेमलता दिवाकर कुशवाह और मेरठ में हरिकांत अहलूवालिया आगे चल रहे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code