1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. उपचुनाव : भाजपा 4-3 से जीतती प्रतीत हो रही सियासी सीरीज, तेलंगाना में कांटे की टक्कर
उपचुनाव : भाजपा 4-3 से जीतती प्रतीत हो रही सियासी सीरीज, तेलंगाना में कांटे की टक्कर

उपचुनाव : भाजपा 4-3 से जीतती प्रतीत हो रही सियासी सीरीज, तेलंगाना में कांटे की टक्कर

0
Social Share

नई दिल्ली, 6 नवम्बर। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 4-3 से सियासी सीरीज जीतती प्रतीत हो रही है। इस क्रम में हरियाणा के आदमपुर, बिहार के गोपालगंज और उत्तरप्रदेश की गोला गोकर्णनाथ सीट पर भाजपा ने फतह हासिल कर ली है जबकि ओडिशा के धामनगर में भाजपा उम्मीदवार बीजद से आगे है। वहीं दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना की मुरुगोड़े सीट पर सत्ताधारी पार्टी टीआरएस को भाजपा कड़ी टक्कर दे रही है।

भाजपा के विपरीत बिहार की मोकामा सीट राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने पास बरकरार रखी तो मुंबई की अंधेरी ईस्ट सीट पर उम्मीदों के अनुरूप शिवसेना का उद्धव ठाकरे गुट ने बाजी मारी। इससे पहले वोटों की गिनती रविवार को पूर्वाह्न आठ बजे शुरू हुई। इन राज्यों की सात विधानसभा सीटों के लिए मतदान गत तीन नवम्बर को हुआ था।

आदमपुर में भजनलाल परिवार के सहारे भाजपा पहली बार जीती

हरियाणा की आदमपुर सीट पर भाजपा ने पहली बार जीत दर्ज की। हालांकि जीत का श्रेय भजनलाल परिवार को जाता है, जो इस सीट पर पिछले 54 सालों से राज कर रहा है। इस बार परिवार की तीसरी पीढ़ी के युवा भव्य बिश्नोई विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पहले भजनलाल परिवार कांग्रेस के टिकट पर यहां से जीतता आया है। लेकिन, भव्य के पिता कुलदीप के हाल ही में भाजपा ज्वॉइन करने के बाद इस सीट पर सियासी समीकरण बदले।

भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को 15,740 मतों से मात दी

भव्य बिश्नोई ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को 15,740 मतों के अंतर से जीत हासिल की। 29 वर्षीय भव्य बिश्नोई को 67,492 वोट मिले जबकि कांग्रेस के जयप्रकाश को 51,752 वोट हासिल हुए। वहीं, इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के उम्मीदवार कुर्दा राम नंबरदार को 5,248 वोट और आम आदमी पार्टी (आप) के सतेंद्र सिंह को 3,420 वोट मिले।

गोला में भाजपा के अमन गिरि जीते

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्णनाथ सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमन गिरि ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रत्याशी विनय तिवारी को 34, 298 मतों से हराया। यह सीट अमन के पिता अरविंद गिरि के निधन के कारण रिक्त हुई थी। गिरि को कुल 1,24,810 वोट मिले जबकि तिवारी को 90,512 मत प्राप्त हुए। उपचुनाव जीतने के बाद अमन गिरि ने कहा कि वह अपने पिता के सपनों को पूरा करेंगे और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित कराएंगे।

बिहार में मुकाबला ड्रॉ, राजद व भाजपा अपनी-अपनी सीटें बजाने में सफल

बिहार में सियासी मुकाबला ड्रॉ रहा और भाजपा और राजद अपनी सीटें बचाने में सफल रहीं। गोपालगंज में विधायक सुभाष सिंह की मौत के बाद खाली हुई सीट पर भाजपा के लिए यह नाक की लड़ाई थी। फिलहाल भाजपा उम्मीदवार कुसुम देवी ने कांटे की टक्कर में राजद उम्मीदवार मोहन गुप्त को 1,794 मतों से हरा दिया। कुसुम देवी को 70,053 हजार मत मिले जबकि राजद उम्मीदवार को 68, 259 हजार मत मिले।

वहीं मोकामा सीट पर आरजेडी उम्मीदवार और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज कर ली है। नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी को 12,741 वोटों से हराया है। नीलम देवी को 79,744 वोट मिले जबकि सोनम देवी को 63,003 वोट मिले।

अंधेरी ईस्ट में ऋतुजा लटके की जीत महज औपचारिकता, NOTA दूसरे नंबर पर

महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर उद्धव गुट के लिए जीत महज औपचारिकता रही। भाजपा ने इस चुनाव में अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी, जिसके बाद उद्धव गुट की उम्मीदवार ऋतुजा लटके की जीत तय मानी जा रही थी। हालांकि उनके खिलाफ सात निर्दलीय उम्मीदवार थे। लेकिन हैरानी वाली बात यह है कि मतगणना में नोटा दूसरे नंबर पर रहा।

निर्वाचन आयोग से मिले आंकड़ों के मुताबिक ऋतुजा लटके को कुल पड़े 86,570 वोटों में से 66530 वोट मिले। वहीं उनके आसपास भी कोई दूसरा कैंडिडेट नहीं था। नंबर दो निर्दलीय राजेश त्रिपाठी रहे, जिन्हें सिर्फ 1,571 वोट मिले। खास बात यह है कि यहां नोटा का बटन बड़ी संख्या में लोगों ने दबाया। चुनाव आयोग से मिले आंकड़ों के मुताबिक नोटा को 12,806 वोट मिले।

धामनमगर में भाजपा आगे

ओडिशा की धामनगर सीट की बात करें तो यहां पर भी भाजपा के सूर्यवंशी सूरज की बढ़त कायम है। उनके बाद बीजद के अबंती दास दूसरे नंबर पर हैं। यह सीट पहले भी भाजपा के खाते में थी। 12वें राउंड की मतगणना खत्म होने  के बाद भाजपा कुल 6214 वोटों से आगे थी और पार्टी कार्यालय में जश्न शुरू हो गया है।

मुनुगोड़े में टीआरएस को बढ़त

वहीं, तेलंगाना की मुरुगोड़े विधानसभा सीट पर भाजपा और टीआरएस के बीच टक्कर है। हालांकि टीआरएस करीब 5000 वोट से आगे चल रही है। 10वें राउंड की गिनती के बाद टीआरएस को 67,363, भाजपा को 62,923, कांग्रेस को ​​17627 वोट मिले। टीआरएस से प्रभाकर रेड्डी, भाजपा से राजगोपाल रेड्डी व कांग्रेस से पी. श्रवणथी उम्मीदवार हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code